
नर्मदापुरम / कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सोहागपुर श्रीमती प्रियंका भलावी के मार्गदर्शन में शासकीय भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमणों के विरुद्ध विशेष अभियान के तहत ग्राम बम्होरीखुर्द, तहसील सोहागपुर में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा बड़ी कार्यवाही की गई। कार्यवाही के दौरान शासकीय भूमि पर किए गए अवैध ढाबों एवं अन्य पक्के निर्माणों को जेसीबी मशीन की सहायता से हटाया गया तथा भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर शासन के कब्जे में लिया गया।
राजस्व प्रकरण में पटवारी हल्का क्रमांक 20 द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन के आधार पर यह पाया गया कि ग्राम बम्होरीखुर्द स्थित शासकीय भूमि खसरा क्रमांक 272 एवं 291, कुल रकबा 3.913 एवं 0.709 हेक्टेयर में से लगभग 0.040 हेक्टेयर भूमि पर अमित चौरसिया पिता रमेश चौरसिया, निवासी ग्राम बम्होरीखुर्द द्वारा ढाबा निर्माण कर अवैध अतिक्रमण किया गया था। उक्त भूमि राजस्व अभिलेखों में मध्यप्रदेश शासन के नाम दर्ज है। प्रकरण की सुनवाई उपरांत पारित आदेश के पालन में अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की गई।
इसी प्रकार एक अन्य प्रकरण में ग्राम बम्होरीखुर्द की शासकीय भूमि खसरा क्रमांक 272, रकबा 3.913 हेक्टेयर में से लगभग 3300 वर्गफुट भूमि पर महेन्द्रसिंह पिता सुल्तानसिंह, निवासी ग्राम नयाकूकरा द्वारा “अविनाश ढाबा” नाम से पक्का निर्माण कर शासकीय भूमि पर अतिक्रमण किया गया था। न्यायालय द्वारा पारित आदेश के अनुपालन में उक्त अतिक्रमण को भी हटाया गया।
कार्यवाही के दौरान तहसीलदार रामकिशोर झरवाड़े, अतिक्रमण दल के नोडल अधिकारी नायब तहसीलदार रंजीत चौहान, राजस्व विभाग की पटवारी टीम तथा पुलिस बल उपस्थित रहा। प्रशासनिक अमले द्वारा मौके पर पहुंचकर दोनों प्रकरणों में किए गए पक्के अतिक्रमणों को हटाते हुए शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा, निर्माण अथवा अतिक्रमण किए जाने पर मध्यप्रदेश भू-राजस्व संहिता के प्रावधानों के तहत सख्त कार्यवाही की जाएगी। शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा।

