

नर्मदापुरम / जिस तरह से चार पहिया वाहनों की संख्या बढ़ती जा रही है, दुर्घटनाएं भी उसी तरह से तेजी से बढ़ रही है, खैर कारण जो भी हो लेकिन इस हादसों से कई परिवार अपने परिजनों को खो बैठते हैं। जिले के मटकुली-पिपरिया मार्ग पर सोमवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब तामिया से नर्मदापुरम की ओर जा रही एक बोलेरो वाहन तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित होकर सड़क किनारे तीन बार पलट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना इतनी भयावह थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस के मुताबिक, हादसे में बंजारा ड्रीम, नर्मदापुरम निवासी प्रदीप धुर्वे (48), उनकी पत्नी ज्योति धुर्वे, पुत्र अक्षत धुर्वे (8), समनापुर निवासी पंचम ठाकुर (55) तथा झिरपा करेर निवासी कुलदीप ठाकुर (40) की मौत हो गई। मृतकों में एक ही परिवार के तीन सदस्य शामिल हैं, जिससे परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
वहीं, आकाश धुर्वे (25) और शरद उड्के (21) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
जांच के बाद इस हादसे का कारण पता लगेगा। ज्यादातर हादसे तो ड्राइवर की जल्दबाजी की वजह से हो रहे हैं और इस समय तो हर आदमी को पहले पहुंचने की जल्दी मची है और वह सारे नियम कानून ताक पर रख रहे हैं। जबकि हादसों को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा समय-समय पर नागरिकों को जागरूक किया जाता है। उसके बावजूद भी दुर्घटनाएं बढ़ती जा रही हैं।

