
सिवनी मालवा / भारतीय किसान संघ तहसील सिवनी मालवा जिला नर्मदापुरम ने किसानों की विभिन्न समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं तहसीलदार को सौंपा। ज्ञापन भारतीय किसान संघ के तहसील अध्यक्ष रामेश्वर जाट के नेतृत्व में दिया गया। संघ ने किसानों से जुड़ी 11 प्रमुख समस्याओं को उठाते हुए शासन-प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
नकद भुगतान और डीजल वितरण व्यवस्था पर जताई आपत्ति….
ज्ञापन में कहा गया है कि सरकारी एवं निजी बैंकों द्वारा किसानों को पर्याप्त नकद राशि उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। कई स्थानों पर किसानों को केवल 10 से 20 हजार रुपये तक ही नकद दिए जा रहे हैं, जिससे कृषि कार्यों में परेशानी आ रही है। इसके साथ ही किसानों को डीजल वितरण की वर्तमान व्यवस्था पर भी आपत्ति जताई गई है। संघ का कहना है कि खेतों में लगातार कृषि कार्य चल रहे हैं और ट्रैक्टरों को बार-बार पेट्रोल पंप तक ले जाना व्यावहारिक नहीं है। इसलिए पूर्व की व्यवस्था बहाल करते हुए प्रति ट्रैक्टर 200 लीटर डीजल देने अथवा निर्धारित सीमा की बाध्यता समाप्त करने की मांग की गई है।
संघ ने यह भी आरोप लगाया कि कई पेट्रोल पंपों पर डीजल केवल नकद भुगतान पर दिया जा रहा है तथा फोन-पे और डेबिट कार्ड से भुगतान स्वीकार नहीं किया जा रहा। किसानों का कहना है कि डीजल के साथ अतिरिक्त मात्रा में अन्य उत्पाद भी जबरन दिए जा रहे हैं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
मूंग खरीदी और खाद वितरण व्यवस्था में सुधार की मांग…..
ज्ञापन में समर्थन मूल्य पर ग्रीष्मकालीन मूंग के पंजीयन की तिथि बढ़ाने और उपार्जन की मात्रा 5 क्विंटल प्रति एकड़ निर्धारित करने की मांग की गई है, ताकि किसान अपनी पूरी उपज उचित मूल्य पर बेच सकें और उन्हें औने-पौने दामों पर फसल बेचने के लिए मजबूर न होना पड़े।
किसान संघ ने मक्का, धान और सोयाबीन सीजन को ध्यान में रखते हुए डीएपी और यूरिया खाद की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी की है। संघ का कहना है कि खाद वितरण सहकारी समितियों के माध्यम से नियमित रूप से किया जाए।
टोकन व्यवस्था और डीएमओ केंद्रों पर बढ़ती भीड़ का मुद्दा उठाया….
ज्ञापन में कहा गया कि पहले खाद के लिए टोकन बुक होने के बाद किसानों को तीन दिन का समय मिलता था, लेकिन अब यह अवधि घटाकर एक दिन कर दी गई है। इससे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और सर्वर संबंधी दिक्कतों के कारण कई बार टोकन स्वतः निरस्त हो जाते हैं। संघ ने टोकन बुक होने के बाद पुनः तीन दिन का समय देने की मांग की है।
इसके अलावा निजी खाद विक्रेताओं द्वारा खाद का भंडारण कम किए जाने के कारण बनापुरा डीएमओ केंद्र पर अत्यधिक भीड़ रहने की बात कही गई है। संघ ने बनापुरा डीएमओ में तीन से चार काउंटर खोलने तथा शिवपुर और बाचावाड़ा डीएमओ गोदामों पर भी काउंटर प्रारंभ करने की मांग रखी है।
भुगतान, जलभराव और नकली खाद की शिकायत…..
ज्ञापन में रबी उपार्जन के भुगतान से वंचित किसानों का शीघ्र भुगतान कराने की मांग भी की गई है। वहीं रेलवे अंडरब्रिजों में जलभराव की समस्या को गंभीर बताते हुए कहा गया कि रेलवे गेट क्रमांक 217 के पास स्थित अंडरब्रिज में अत्यधिक पानी भरा हुआ है, जिससे किसानों और राहगीरों को आवागमन में कठिनाई हो रही है। संघ ने पानी निकासी की तत्काल व्यवस्था करने की मांग की है।
किसान संघ ने यह भी आरोप लगाया कि शहरी क्षेत्रों की कुछ खाद दुकानों से अमानक और जैविक खाद के नाम पर सामग्री बेचकर ट्रकों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों को नकली खाद डीएपी के विकल्प के रूप में बेची जा रही है। संघ ने इस मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
दो दिन में समाधान नहीं हुआ तो होगा आंदोलन….
भारतीय किसान संघ ने ज्ञापन के माध्यम से चेतावनी दी है कि यदि किसानों की समस्याओं का निराकरण दो दिवस के भीतर नहीं किया गया तो संगठन किसान हित में आंदोलन करेगा। संघ ने स्पष्ट किया कि ऐसी स्थिति में आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।

