
नर्मदापुरम / उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण विभाग एवं जिला प्रशासन नर्मदापुरम द्वारा आगामी 16 जून 2026 को पचमढ़ी स्थित वायसन लॉज में “आम महोत्सव” का आयोजन किया जा रहा है। इस महोत्सव में नर्मदापुरम जिले में निजी क्षेत्र, शासकीय उद्यानों तथा प्राकृतिक रूप से उत्पादित आम की विभिन्न उत्कृष्ट किस्मों का प्रदर्शन किया जाएगा।
आम महोत्सव के माध्यम से पर्यटकों एवं आमजन को जिले में उत्पादित विभिन्न किस्मों के आमों जैसे लंगड़ा, दशहरी, आम्रपाली, मल्लिका, चौसा, बाम्बेग्रीन, तोतापरी, अल्फांसो, केसर, हिमसागर, बादामी, सफेदा एवं मालगोआ आदि से परिचित कराया जाएगा।
महोत्सव का उद्देश्य आम उत्पादन को बढ़ावा देना, किसानों को प्रोत्साहित करना तथा जिले की उद्यानिकी क्षमता को प्रदर्शित करना है। आयोजन स्थल पर आम की विभिन्न प्रजातियों की प्रदर्शनी के साथ-साथ आम उत्पादन एवं प्रसंस्करण से संबंधित जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।
उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण विभाग एवं जिला प्रशासन ने जिले के समस्त कृषकों, आमजन एवं पर्यटकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर आम महोत्सव का लाभ उठाएं।

