

नर्मदापुरम / प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं विकास के सफलतम 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी जिला नर्मदापुरम द्वारा शनिवार को विकसित भारत संकल्प प्रबुद्ध जन सम्मेलन का आयोजन सांई कृष्णा रिज़ॉर्ट, नर्मदापुरम में किया गया।
सम्मेलन के शुभारंभ अवसर पर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण किया गया। इसके पश्चात पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण कर तथा वंदे मातरम् के गायन के साथ सम्मेलन का विधिवत शुभारंभ हुआ।
सम्मेलन में मध्यप्रदेश शासन के सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अपने संबोधन में श्री सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास की नई गाथा लिखी है।
उन्होंने कहा कि इस अवधि में गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसानों के उत्थान, युवाओं के लिए नए अवसरों का सृजन, आधारभूत संरचना का अभूतपूर्व विस्तार, डिजिटल क्रांति, आत्मनिर्भर भारत अभियान तथा वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा जैसे क्षेत्रों में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत-2047 के संकल्प के साथ निरंतर आगे बढ़ रहा है।
कैबिनेट मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि विकसित भारत-2047 का संकल्प केवल सरकार का नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का राष्ट्रीय संकल्प है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सभी नागरिकों की सक्रिय सहभागिता और सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।
सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए “बहन कमला” का उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित योजनाओं ने समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य किया है।
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं नर्मदापुरम विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के रूप में सफल कार्यकाल के बाद आज निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में श्री मोदी जी राष्ट्रसेवा के नए आयाम स्थापित कर रहे हैं।
राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम सहित महिला सशक्तिकरण के लिए किए गए ऐतिहासिक कार्यों का उल्लेख किया।
भाजपा जिला अध्यक्ष प्रीति शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने सेवा, सुशासन और विकास के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं। उनके नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता और विकसित राष्ट्र के संकल्प के साथ निरंतर आगे बढ़ रहा है।
सम्मेलन में सोहागपुर विधायक विजयपाल सिंह, पूर्व विधायक हरिशंकर जायसवाल, सविता दीवान शर्मा, भाजपा पदाधिकारी, प्रबुद्धजन, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सम्मेलन का संचालन जिला महामंत्री कुंवर सिंह यादव ने आभार सोहागपुर विधायक विजयपाल सिंह ने किया।

