
सिवनी मालवा / सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन के लिए रविवार को तहसील कार्यालय के सामने यातायात पुलिस ने सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया।
अभियान में दोपहिया, तीनपहिया और चारपहिया वाहनों की हेलमेट, सीट बेल्ट, दस्तावेज और अन्य सुरक्षा मानकों को लेकर जांच की गई। यातायात प्रभारी बलराम सिरसाम के नेतृत्व में चली कार्रवाई के दौरान कुल 16 चालान बनाए गए और 5,000 रुपये का समन शुल्क वसूला गया।
बिना हेलमेट/सुरक्षा नियम तोड़ने पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 129/194(डी) के तहत 15 चालकों पर 4,500 रुपये का जुर्माना।
– सीट बेल्ट न लगाने पर धारा 138/194 के तहत 1 चालक पर 500 रुपये का समन शुल्क।
बलराम सिरसाम ने बताया कि दुर्घटनाएं कम करने और लोगों को नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए ऐसे अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं। साथ ही वाहन चालकों को समझाइश भी दी जा रही है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्रवाई के दौरान जनप्रतिनिधियों और प्रभावशाली लोगों के फोन भी आते हैं, लेकिन यातायात पुलिस किसी को रियायत नहीं देती। “कानून सबके लिए समान है और नियम मानना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।”
पुलिस ने कहा कि आने वाले दिनों में भी चेकिंग जारी रहेगी। अभियान के दौरान नियम तोड़ने वालों में हड़कंप रहा, जबकि नियम पालन करने वाले नागरिकों ने पुलिस की पहल की सराहना की।

