
नर्मदापुरम / भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता एवं पूर्व नपाध्यक्ष डॉ. अखिलेश खंडेलवाल ने मध्यप्रदेश शासन के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग को नगर आगमन पर पत्र देकर नर्मदापुरम एवं इटारसी के हॉकी खिलाड़ियों के लिए बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।
डॉ. खंडेलवाल ने बताया कि नर्मदापुरम हॉकी टर्फ ग्राउंड पर बड़ी संख्या में खिलाड़ी नियमित अभ्यास करते हैं, लेकिन आवश्यक सुविधाओं के अभाव में उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों के हित में पांच प्रमुख मांगें रखीं।
मांगों में नर्मदापुरम हॉकी टर्फ ग्राउंड पर फ्लड लाइट स्थापना प्रमुख है, ताकि खिलाड़ी शाम एवं रात्रि के समय भी अभ्यास कर सकें। उन्होंने उल्लेख किया कि यह कार्य पूर्व में स्वीकृत योजना में भी शामिल रहा है।
इसके अलावा दर्शकों, प्रशिक्षकों एवं अधिकारियों के लिए छायादार बैठक व्यवस्था बनाने, खिलाड़ियों के अभ्यास हेतु पेनाल्टी कॉर्नर प्रशिक्षण सामग्री उपलब्ध कराने तथा हॉकी टर्फ ग्राउंड की सुरक्षा एवं रखरखाव के लिए स्थायी चौकीदार नियुक्त करने की मांग की गई है।
डॉ. खंडेलवाल ने पत्र में यह भी आग्रह किया कि इटारसी में सर्वसुविधायुक्त हॉकी टर्फ ग्राउंड की स्थापना की जाए, जिससे वहां के खिलाड़ियों को भी उच्च स्तरीय प्रशिक्षण एवं अभ्यास का अवसर मिल सके।
उन्होंने खेल मंत्री से खिलाड़ियों के हित में शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। इस पहल का क्षेत्र के खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों ने स्वागत किया है।

