
इटारसी / महात्मा गांधी महाविद्यालय के सन् 1979-81 बैच के साथियों के समूह “ओल्ड इज़ गोल्ड” ने अपने प्रिय मित्र स्व. सुनील सक्सेना की स्मृति में पुलिस थाने के समीप संचालित खाटू श्याम सामुदायिक रसोई में सेवा कार्य करते हुए जरूरतमंद लोगों को भोजन वितरित किया।
इस अवसर पर समूह के सदस्यों ने जरूरतमंद लोगों के साथ बैठकर भोजन को प्रसाद स्वरूप ग्रहण किया तथा सेवा, समानता और मानवता का संदेश दिया। साथियों ने कहा कि मित्र की स्मृतियों को जीवंत रखने का सबसे श्रेष्ठ माध्यम समाज सेवा और जनकल्याण है।
समूह के सदस्य अशोक यादव ने बताया कि ओल्ड इज़ गोल्ड परिवार समय-समय पर सामाजिक सरोकारों, पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण एवं जनहित के विभिन्न कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाता है। मित्रता के साथ-साथ समाज के प्रति दायित्वों का निर्वहन करना भी समूह की प्राथमिकता है।
इस अवसर पर खाटू श्याम रसोई के सेवादार नितिन वर्मा ने बताया कि खाटू श्याम रसोई द्वारा नियमित रूप से जरूरतमंद, असहाय एवं श्रमिक वर्ग के लोगों को निःशुल्क भोजन वितरण किया जाता है। समाज के सहयोग से संचालित यह सेवा निरंतर मानवता की सेवा के उद्देश्य से आगे बढ़ रही है।
इस अवसर पर लखन सिंह तोमर, ज्योति प्रकाश दुबे, सुरेंद्र सिंह भदोरिया, अमरजीत सिंह छाबड़ा, राजेंद्र अग्रवाल, सुभाष चौधरी, अजय शुक्ला, अरविंद बसरवार, सुधीर जैन, कमलेश गौर, राजेंद्र यादव (बड्डे भैया), कन्हैयालाल सजवानी, मोहनलाल मानिक एवं राममोहन पटेल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने खाटू श्याम रसोई की भोजन सेवा में सहयोग करते हुए जरूरतमंदों को भोजन कराया।
कार्यक्रम के अंत में खाटू श्याम रसोई परिवार की ओर से मनीष ठाकुर ने ओल्ड इज़ गोल्ड परिवार के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सेवा, मित्रता और सामाजिक समर्पण का यह संगम समाज के लिए प्रेरणास्रोत है तथा ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।
स्व. सुनील सक्सेना की स्मृति में आयोजित यह सेवा कार्य मित्रता, संस्कार और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रेरक उदाहरण बन गया।

