
नर्मदापुरम / कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने कृषि एवं अन्य संबद्ध विभागों की समीक्षा बैठक लेकर विभागीय योजनाओं के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों एवं वर्तमान प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में कलेक्टर श्री मिश्रा ने निर्देशित किया कि फार्मर रजिस्ट्री के अंतर्गत अधिक से अधिक किसानों की फार्म रजिस्ट्रेशन आईडी तैयार की जाए। उन्होंने सभी अनुविभागों में इस कार्य की प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए।
जिले में नरवाई जलाने की घटनाओं को रोकने हेतु अब तक की गई कार्यवाहियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने किसानों को जागरूक करने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुपरसीडर के उपयोग को प्रोत्साहित करने तथा जिले में बेलर मशीनों की संख्या बढ़ाने पर भी जोर दिया। मत्स्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने स्मार्ट फिश पार्लर निर्माण कार्यों में गति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने मत्स्य विभाग एवं संबंधित विभागों को राजस्व विभाग से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में पशुपालन विभाग को निर्देशित किया गया कि पशुपालक किसानों को कृत्रिम गर्भाधान के प्रति जागरूक किया जाए। कलेक्टर ने हिरण्यगर्भा अभियान की समीक्षा करते हुए दुग्ध उत्पादन बढ़ाने हेतु किसानों को विशेष उपाय अपनाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश भी दिए। उद्यानिकी विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने जिले में मखाना खेती को बढ़ावा देने हेतु किसानों को निरंतर प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीएमएफएमई योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक हितग्राहियों को लाभान्वित करने तथा किसानों को “पर ड्रॉप मोर क्रॉप” योजना से जोड़ने पर बल दिया। साथ ही उद्यानिकी फसलों के उत्पादन बढ़ाने के लिए किसानों को नियमित मार्गदर्शन प्रदान करने के निर्देश दिए।

