
नर्मदापुरम / कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत नर्मदापुरम के मार्गदर्शन में जिले में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित क्षेत्र के विस्तार हेतु विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जनपद पंचायत बनखेड़ी अंतर्गत स्व सहायता समूहों द्वारा बड़े पैमाने पर सीड बॉल निर्माण का कार्य किया जा रहा है।
जनपद पंचायत बनखेड़ी की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती रीना कुमारिया के कुशल मार्गदर्शन में विगत एक सप्ताह से क्षेत्र में निरंतर सीड बॉल निर्माण कार्य संचालित किया जा रहा है। जनपद पंचायत बनखेड़ी का सीड बॉल निर्माण लक्ष्य 2650 निर्धारित किया गया है। ग्राम पंचायत बाचावानी में आदिवासी आजीविका सहायता समूह एवं श्री गणेश आजीविका सहायता समूह की महिलाओं द्वारा लगभग 200 सीड बॉल तैयार किए गए हैं। सीड बॉल निर्माण में मिट्टी, खाद तथा नीम एवं इमली के बीजों का मिश्रण उपयोग में लाया जा रहा है।

