
नर्मदापुरम / कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार जिले में नरवाई जलाने की घटनाओं पर सतत निगरानी रखते हुए सख्त कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में तहसील माखननगर अंतर्गत मूंग का डंठल कचरा (नरवाई) जलाने वाले 03 किसानों पर जुर्माना अधिरोपित किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम आंचलखेड़ा के 03 कृषकों द्वारा मूंग की नरवाई जलाए जाने पर एसडीएम नर्मदापुरम द्वारा प्रत्येक कृषक पर 2500-2500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। प्रशासन द्वारा संबंधित कृषकों की जानकारी एकत्रित कर नियमानुसार कार्रवाई की गई। उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन द्वारा समय-समय पर किसानों को नरवाई जलाने से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। साथ ही नरवाई प्रबंधन की आधुनिक तकनीकों एवं वैकल्पिक उपायों की जानकारी भी किसानों को उपलब्ध कराई जा रही है।
कृषि विभाग एवं राजस्व विभाग के मैदानी अमले द्वारा फील्ड स्तर पर सतत निगरानी रखी जा रही है, ताकि नरवाई जलाने की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके। जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे नरवाई न जलाएं तथा पर्यावरण संरक्षण एवं भूमि की उर्वरता बनाए रखने हेतु नरवाई प्रबंधन के वैकल्पिक उपाय अपनाएं।

