

नर्मदापुरम / जनशिक्षा केंद्र शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मिसरोद में प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के प्रधान पाठकों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक संकुल केंद्र प्रभारी वीरेंद्र कोरी के निर्देशन एवं वरिष्ठ व्याख्याता श्रीमती संगीता दुबे की उपस्थिति में सम्पन्न हुई।
बैठक में जनशिक्षक के. एस. वाडिवा ने विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत अपार (APAAR) आईडी निर्माण को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी विद्यालयों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने स्कूलवार दर्ज विद्यार्थियों की संख्या, निर्मित अपार आईडी, शेष विद्यार्थियों की स्थिति तथा आधार कार्ड उपलब्धता की जानकारी का परीक्षण किया और लंबित कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर यू-डायस प्रोग्रेसिंग, ड्रॉप बॉक्स एवं चाइल्ड ट्रैकिंग की भी गहन समीक्षा की गई। अधिकारियों ने अपार आईडी निर्माण में आ रही तकनीकी एवं प्रशासनिक बाधाओं को दूर कर समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने पर बल दिया।
बैठक में स्कूल चले हम अभियान के द्वितीय एवं तृतीय चरण के अंतर्गत शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने, शालात्यागी एवं विद्यालय से बाहर बच्चों को पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। निर्देश दिए गए कि प्रत्येक शनिवार को मेगा दिवस के रूप में मनाते हुए अपार आईडी निर्माण, चाइल्ड ट्रैकर अपडेट एवं यू-डायस से संबंधित सभी कार्यों को प्राथमिकता से पूरा किया जाए।
इसके अतिरिक्त कक्षा 5वीं एवं 8वीं की परीक्षाओं के सफल संचालन तथा शैक्षणिक गुणवत्ता सुधार संबंधी विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में ब्लॉक साक्षरता समन्वयक गौरीशंकर राजपूत एवं संकुल साक्षरता समन्वयक राजेश नागवंशी ने नवभारत साक्षरता अभियान के अंतर्गत अधिक से अधिक असाक्षरों के पंजीयन हेतु प्रभावी कार्ययोजना बनाने एवं शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
अंत में जनशिक्षक के. एस. वाडिवा ने सभी प्रधान पाठकों को विभागीय निर्देशों का कड़ाई से पालन करने, विद्यालयों का संचालन निर्धारित समयानुसार करने तथा कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ कार्यालय के निर्देशों की अवहेलना करने पर नियमानुसार कार्रवाई से बचे और दिए गए सभी कार्यों को समय सीमा में पूर्ण करें।
बैठक में अपार आईडी निर्माण, शत-प्रतिशत नामांकन एवं साक्षरता अभियान की सफलता को लेकर सभी शिक्षकों ने सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया।

