

नर्मदापुरम / ग्राम सुपरली के कृषक कलाकार योगेंद्र पाल सिंह सोलंकी ने इंदौर में आयोजित होने वाले ब्रिक्स कृषि मंत्रियों के सम्मेलन के अवसर पर विभिन्न देशों के कृषि मंत्रियों की अनाज से आकर्षक तस्वीरें तैयार की हैं। इन तस्वीरों में ब्राजील, संयुक्त अरब अमीरात, चीन, रूस, इथियोपिया, मिस्र (इजिप्ट), इंडोनेशिया, दक्षिण अफ्रीका, सऊदी अरब सहित ब्रिक्स एवं सहयोगी देशों के कृषि मंत्रियों को विभिन्न प्रकार के अनाजों के माध्यम से चित्रित किया गया है।
कलाकार श्री सोलंकी का कहना है कि भारत एक कृषि प्रधान देश है और इस महत्वपूर्ण सम्मेलन का आयोजन भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान के मार्गदर्शन में हो रहा है। श्री चौहान मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री तथा किसानों के बीच अत्यंत लोकप्रिय जननेता रहे हैं। इसी प्रेरणा से उन्होंने सभी कृषि मंत्रियों की अनाज से तस्वीरें तैयार की हैं।
इन कलाकृतियों के निर्माण का मुख्य उद्देश्य विश्व समुदाय का ध्यान खाद्य सुरक्षा, अनाज संरक्षण एवं भविष्य में संभावित खाद्य संकटों की ओर आकर्षित करना है। वर्तमान समय में विश्व स्तर पर उत्पन्न विभिन्न परिस्थितियों और चुनौतियों के कारण खाद्य सुरक्षा को लेकर चिंताएँ बढ़ रही हैं। ऐसे में सभी देशों को मिलकर अनाजों के संरक्षण, सुरक्षित भंडारण तथा खाद्य संसाधनों के प्रभावी प्रबंधन के लिए ठोस और प्रतिबद्ध कार्यक्रम तैयार करने की आवश्यकता है, जिससे भविष्य में मानव जीवन किसी खाद्य संकट का सामना न करे।
श्री सोलंकी द्वारा तैयार की गई ये विशेष कलाकृतियाँ विभिन्न देशों के दूतावासों एवं राजदूतों के आधिकारिक सोशल मीडिया खातों पर भेजी जाएँगी। साथ ही भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के आधिकारिक को भी भेजी जायगी।

