

नर्मदापुरम / शासकीय गृहविज्ञान स्नातकोत्तर अग्रणी महाविद्यालय में जिला प्रशासन एवं जिला रोजगार कार्यालय नर्मदापुरम द्वारा युवा संगम रोजगार एवं स्वरोजगार मेले का आयोजन किया गया। जिसमें शिक्षित बेरोजगारों को रोजगार के अवसर प्राप्त हुए। रोजगार मेले में पुणे महाराष्ट्र से आठ कंपनियां सम्मिलित हुई एवं ग्रू एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड मोहासा औद्योगिक क्षेत्र नर्मदापुरम, इंदौर, भोपाल, बुधनी, अब्दुल्लागंज, मंडीदीप की कुल 34 कंपनियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमति नीतू यादव, अपर कलेक्टर ब्रजेंद्र रावत, जिला रोजगार अधिकारी श्याम धुर्वे, शासकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय नर्मदापुरम के प्राचार्य डॉ. रामकुमार चौकसे, आई.टी.आई प्राचार्य श्री मरकाम ने मंच पर अपनी गरिमामयी उपस्थिति दी।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद माया नारोलिया ने जिले के युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह युवा संगम युवाओ हेतु मध्यप्रदेश शासन के तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग द्वारा आयोजित किया गया है जिसका उद्देश्य युवाओं को रोजगार स्वरोजगार और इंटर्नशिप के अवसर उपलब्ध कराना एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं बैंक ऋण स्टार्टअप और उद्यमिता के लिए मार्गदर्शन प्रदान करना है।
अपर कलेक्टर ब्रजेंद्र रावत ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आमंत्रित कंपनियों द्वारा युवाओं के लिए रोज़गार का सृजन किया गया है जिससे अधिक से अधिक संख्या में इस युवा संगम का लाभ प्राप्त कर सकें।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. श्रीमती कामिनी जैन ने बताया कि जिला प्रशासन एवं जिला रोजगार कार्यालय के सहयोग से युवा संगम मेले का आयोजन किया गया। जिसमें विद्यार्थियों को कैरियर के विभिन्न सार्वजनिक और निजी क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की जानकारी देकर मार्गदर्शन प्रदान किया गया। रोजगार प्रदाता कंपनियों, उद्योगों एवं अन्य संस्थाओं को आमंत्रित कर विभिन्न सेवाओं में विद्यार्थियों का प्लेसमेंट कराने की व्यवस्था की गई एवं विद्यार्थियों को विभिन्न कंपनियों में संचालित प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के अंतर्गत इंटर्नशिप की जानकारी दी गई। मेले में विभिन्न स्वरोजगार और रोजगार से संबंधित कंपनियों के स्टॉल लगाए गए जिसमें विद्यार्थियों द्वारा कैरियर से संबंधित जानकारी प्राप्त कर क्षमता एवं योग्यता अनुसार रोजगार हेतु आवेदन किए गए।
स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ की जिला नोडल अधिकारी डॉ. संगीता अहिरवार ने बताया कि रोजगार मेले में जिले के सभी युवा वर्ग सम्मिलित हुए है। युवाओं को सीधे कंपनी में रोजगार के अवसर प्राप्त हुए है एवं स्वयं का व्यवसाय शुरू करने के लिए मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
महाविद्यालय की ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट अधिकारी डॉ. रागिनी सिकरवार द्वारा रोजगार मेले में लगभग 300 पंजीयन हुए एवं छात्राओं को प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के अंतर्गत संचालित इंटर्नशिप प्रोग्राम संचालित करने वाली कंपनियों के बारे में जानकारी दी गई, जिससे विद्यार्थी पोर्टल पर अपने जिले की संबंधित कंपनी में पंजीकरण कर सकें और इस योजना का लाभ उठा सकें।
कार्यक्रम में जिला रोजगार कार्यालय के ट्रेनिंग प्लेसमेंट ऑफिसर धर्मेश तिवारी, वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. भारती दुबे, डॉ. हर्षा चचाने, डॉ. कंचन ठाकुर एवं समस्त महाविद्यालयीन स्टॉफ उपस्थित रहे। मंच का सफल संचालन डॉ. प्रगति जोशी ने एवं आभार प्रदर्शन डॉ. रागिनी सिकरवार ने किया। कार्यक्रम में भारी संख्या में जिले के समस्त महाविद्यालयों के छात्र छात्राओं ने सहभागिता की एवं रोजगार प्राप्त किये।

