
नर्मदापुरम / मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, नर्मदापुरम द्वारा चयनित नवांकुर संस्था वीणा पाणि संगीत एवं सामाजिक संस्था, नर्मदापुरम के तत्वावधान में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति आवंरी में पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन हेतु पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर समिति सदस्यों द्वारा बड़ी संख्या में पौधों का रोपण करने के साथ-साथ सीड बॉल (बीज गोला) का निर्माण भी किया गया। कार्यक्रम में बताया गया कि तैयार की गई सीड बॉलों को वर्षा ऋतु के दौरान नर्मदा तट एवं आसपास के क्षेत्रों में फेंका जाएगा, जिससे अधिक से अधिक बीजों का अंकुरण हो सके और भविष्य में ये पौधे विकसित होकर वृक्ष का रूप धारण कर पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दें। संस्था के अध्यक्ष आनंद कुमार नामदेव ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान को व्यापक स्वरूप देते हुए ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति कजलास, शैल, मिसरोद एवं रोजड़ा में भी इसी प्रकार नर्सरी तैयार की जाएगी तथा सीड बॉल निर्माण का कार्य किया जाएगा। ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति आवंरी के अध्यक्ष मुकेश गौर ने कहा कि पर्यावरण को स्वच्छ एवं हरित बनाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रजातियों के पौधों की नर्सरी तैयार की गई है। नर्सरी में विकसित पौधों को आगामी वर्षा ऋतु में नर्मदा तट पर रोपित किया जाएगा तथा उनके संरक्षण एवं संवर्धन के लिए भी सतत प्रयास किए जाएंगे। कार्यक्रम में विशेष रूप से अयोध्या धाम स्व सहायता समूह एवं ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति मिसरोद के सदस्य सचिव हरिओम गौर, ग्राम रोजड़ा के सचिव चिमनलाल गौर, मनोहर गौर, सुनील कुमार गौर, मुकेश कुमार गौड़, देव कुमार गौड़, शिवा गौर, नमन गौर, ईशान यादव, प्रथम यादव, प्रीति गौर, सुषमा गौर, मनोरमा गौर, अंजू गौर, रजनी यादव, शीलता यादव, मुन्नी पटवा, अनीता सोलंकी, बरसा पवार, दीप्ति गौर एवं शोभा यादव सहित अनेक ग्रामीणजन एवं समिति सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी जनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए मुकेश गौर ने पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर जनसहभागिता बनाए रखने का आह्वान किया।

