
सिवनी मालवा / नगरपालिका क्षेत्र में सफाई व्यवस्था चरमराने से जनता परेशान है। कचरा समय पर नहीं उठने और गंदगी के ढेर लगने पर कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है।
नगरपालिका नेता प्रतिपक्ष अजय पटेल और नगर कांग्रेस अध्यक्ष सुदेश शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने गुरुवार को नगरपालिका कार्यालय में अकाउंटेंट महेंद्र परिहार को कलेक्टर और सीएमओ के नाम ज्ञापन सौंपा।
अजय पटेल ने कहा कि शहर में सफाई व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई है। कई जगहों पर कचरे के ढेर लगे हैं, लेकिन नियमित सफाई नहीं हो रही। पार्षद प्रतिनिधि दीपक दीक्षित ने कचरा गाड़ियों और सफाई कर्मचारियों की कमी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पिछले कुछ महीनों से सभी वार्डों में ऑटो कचरा गाड़ी नियमित नहीं पहुंच रही। सफाईकर्मियों की कमी से वार्डों में कचरा समय पर नहीं उठ रहा, जिससे मच्छर-मक्खी बढ़ गई हैं और बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है।
कांग्रेस ने मांग की कि खराब पड़ी ऑटो कचरा गाड़ियों को तुरंत ठीक करवाकर वार्डों में चलाया जाए, सफाईकर्मियों की संख्या बढ़ाई जाए और उनका वेतन समय पर दिया जाए।
नगर कांग्रेस अध्यक्ष सुदेश शर्मा ने चेतावनी दी कि अगर 7 दिन के अंदर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस कार्यकर्ता शहर का कचरा एकत्र कर नगरपालिका कार्यालय के मुख्य द्वार पर डालेंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। ज्ञापन की प्रतिलिपि जिला कलेक्टर नर्मदापुरम को भी भेजी गई है।
ज्ञापन देने वालों में स्वदेश शर्मा, हैरीसन स्वामी, दीपक दीक्षित, पार्षद अजय पटेल, अभिषेक सल्लाम, अय्यूब अली सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

