
नर्मदापुरम / पुलिस कंट्रोल रूम जिला नर्मदापुरम में पदस्थ प्रधान आरक्षक (क्रमांक 110) मेहरबान सिंह की सुपुत्री कुमारी महक परिहार ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और हमारे जिले का मान बढ़ाया है। जापान में आयोजित ‘अंडर-18 महिला हॉकी टूर्नामेंट’में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक (Bronze Medal) जीता है। इस टीम में भारतीय महिला हॉकी की तरफ से गोलकीपर की महत्वपूर्ण भूमिका नर्मदापुरम की होनहार बेटी कुमारी महक परिहार के द्वारा निभाई गई। कुमारी महक परिहार का परिवार पिछले कई वर्षों से पुलिस सेवा में है पुलिस विभाग जैसी चुनौतिपूर्ण और संघर्षमय सेवा के बावजूद परिवार ने अपनी बेटी की खेल भावना को सर्वोपरि रखा। जिसका परिणाम है कि महक ने अपने परिवार के संस्कारों को सहेजा और अपने लक्ष्य पर अटल रही। महक का बचपन ही खेलों के प्रति आकर्षण से रहा है। छोटी सी उम्र से वह हॉकी के मैदान में अपने जुनून को साबित करती रही। खेलों के साथ-साथ महक ने अपनी पढ़ाई में भी अव्वल प्रदर्शन किया। उसने पढ़ाई और खेल दोनों पर पूरा ध्यान दिया और दोनों क्षेत्रों में सफलता प्राप्त करी। परिवार की आर्थिक और सामाजिक कठिनाइयों के बीच महक ने अपने संस्कारों और जुनून से राह बनाई। उसके संघर्ष ने उसे मजबूत बनाया और अंतरराष्ट्रीय मैदान में भारत का नाम रोशन किया। पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा (भापुसे) द्वारा कुमारी महक परिहार की इस शानदार अंतरराष्ट्रीय कामयाबी को विभाग व स्थानीय समुदाय के लिए प्रेरणास्त्रोत बताते हुए आगे आने वाली प्रतिस्पर्धाओं की तैयारियों के लिए नर्मदापुरम पुलिस परिवार की ओर से अग्रिम शुभकामनाएं देकर विभाग की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया ।

