
सिवनी मालवा / आदिवासी अंचल की ग्राम पंचायत बारासेल में पिछले लगभग चार दिनों से बिजली व्यवस्था पूरी तरह ठप पड़ी हुई है। लगातार बिजली आपूर्ति बाधित रहने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के बीच बिजली नहीं मिलने से लोगों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्राम पंचायत बारासेल के सरपंच लखनलाल काजले ने बताया कि वर्षा ऋतु से पूर्व बिजली लाइनों एवं उपकरणों का आवश्यक रखरखाव और मेंटेनेंस कार्य बिजली विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा समय पर कराया जाना चाहिए, ताकि इस प्रकार की समस्याएं उत्पन्न न हों। उन्होंने कहा कि विभागीय लापरवाही का खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी के इस मौसम में बिजली नहीं होने से बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं और पुरुष सभी परेशान हैं। रात के समय अंधेरे और उमस के कारण लोगों की नींद हराम हो गई है। वहीं बारिश के मौसम की शुरुआत के साथ ही जहरीले कीड़े-मकोड़ों और सांप-बिच्छुओं का खतरा भी बढ़ गया है, जिससे ग्रामीण भय के साए में रात गुजारने को मजबूर हैं।
बिजली समस्या को लेकर ग्रामीणों द्वारा एसडीएम विजय राय से चर्चा की गई। इस पर एसडीएम ने आश्वासन दिया कि संबंधित विभाग को निर्देश देकर जल्द से जल्द समस्या का समाधान कराया जाएगा और ग्रामीणों को सुचारु बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराई जाएगी।
वहीं जब इस संबंध में बिजली विभाग के अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उनका मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिला, जिससे ग्रामीणों में विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर और अधिक नाराजगी देखने को मिली।
ग्रामीणों ने प्रशासन एवं बिजली विभाग से मांग की है कि शीघ्र बिजली आपूर्ति बहाल कर क्षेत्रवासियों को राहत प्रदान की जाए।

