
नर्मदापुरम / भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक कार्यक्रम के अंतर्गत जिला भाजपा कार्यालय में राज्यसभा सांसद माया नारोलिया ने कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रीय नागरिकों से आत्मीय संवाद किया। इस दौरान उन्होंने आमजन की समस्याएं व शिकायतें सुनीं तथा विभिन्न जनहित एवं लोककल्याणकारी विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
जनसंवाद कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों और कार्यकर्ताओं ने अपनी समस्याएं तथा क्षेत्र के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव सांसद के समक्ष रखे। सांसद श्रीमती नारोलिया ने सभी विषयों को अत्यंत गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों के माध्यम से उनके त्वरित और सकारात्मक निराकरण का आश्वासन दिया।
सांसद माया नारोलिया ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि जनसेवा और संगठन हित हमारे लिए सर्वोपरि हैं। प्रत्येक नागरिक की अपेक्षाओं पर खरा उतरना और उनकी समस्याओं का समाधान करना एक जनप्रतिनिधि का परम दायित्व है। उन्होंने भावुकता से कहा कि जनता की आकांक्षाएं ही मेरे संकल्पों का आधार हैं, जिसके लिए हम निरंतर प्रयासरत हैं।
इस अवसर पर सोहागपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक ठाकुर विजयपाल सिंह, भाजपा जिला महामंत्री कुँअर सिंह यादव, नर्मदापुरम मंडल अध्यक्ष रूपेश राजपूत, विपिन यादव, भाजपा जिला कार्यालय मंत्री प्रशांत दीक्षित सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, निष्ठावान कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

