

नर्मदापुरम / भोपाल / प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश के सर्वाधिक लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में कार्य करने का ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित करने के उपलक्ष्य में बुधवार को नीलबड़ स्थित दुर्गा माता मंदिर परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर विधायक रामेश्वर शर्मा के नेतृत्व में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता कर प्रधानमंत्री के ऐतिहासिक कार्यकाल का उत्सव मनाया।
कार्यक्रम के दौरान किसानों द्वारा विभिन्न प्रकार के अनाजों से आकर्षक एवं भव्य रंगोली तैयार की गई। इस विशेष रंगोली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और शासनकाल के 12 वर्षों की 12 प्रमुख उपलब्धियों को कलात्मक रूप से प्रदर्शित किया गया। उपस्थित लोगों ने रंगोली के माध्यम से देश के विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता, बुनियादी ढांचे के विस्तार, किसान कल्याण, महिला सशक्तिकरण और गरीब कल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यों को देखा और सराहा।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने अथक परिश्रम, दूरदर्शी नेतृत्व और राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ भारत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि यह केवल किसी व्यक्ति की उपलब्धि नहीं, बल्कि देश की 140 करोड़ जनता के विश्वास और लोकतंत्र की शक्ति का प्रतीक है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुरक्षा, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि आज देश का प्रत्येक नागरिक गर्व के साथ भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा को महसूस कर रहा है।
विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 4399 दिनों का यह ऐतिहासिक कार्यकाल राष्ट्रसेवा, समर्पण और जनविश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मोदी ने देश के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का कार्य किया है और गरीब, किसान, महिला तथा युवा वर्ग के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाली अनेक योजनाओं को सफलतापूर्वक लागू किया है। श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और राष्ट्रहित में निरंतर नेतृत्व की कामना के लिए सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया गया है।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की निरंतर प्रगति और विकास यात्रा पर प्रसन्नता व्यक्त की। सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ के पश्चात उपस्थित जनसमुदाय ने प्रधानमंत्री के सर्वाधिक लंबे निर्वाचित कार्यकाल के इस ऐतिहासिक अवसर को उत्साहपूर्वक मनाया। कार्यक्रम में किसानों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं तथा बड़ी संख्या में नागरिकों की सहभागिता रही।

