

नर्मदापुरम / भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (PMSMA) के सफलतापूर्वक 10 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आज जिला चिकित्सालय नर्मदापुरम एवं जिले के समस्त शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में विशेष मातृत्व स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में द्वितीय एवं तृतीय तिमाही की गर्भवती महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क प्रसव-पूर्व जांच (ANC) सेवाएं प्रदान की गईं।
शिविर के दौरान गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच, आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श, आयरन एवं कैल्शियम दवाओं का वितरण तथा उच्च जोखिम वाली गर्भावस्थाओं (High Risk Pregnancy) की पहचान कर उनके नियमित फॉलो-अप की व्यवस्था सुनिश्चित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाना तथा सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम में पूर्व विधान सभा अध्यक्ष एवं नर्मदापुरम विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा, लोकसभा सांसद दर्शन सिंह चौधरी, राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नीतू यादव, सभापति उमेश यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों ने गर्भवती महिलाओं से संवाद कर उन्हें नियमित स्वास्थ्य जांच कराने एवं शासकीय स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए सुरक्षित मातृत्व के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने पर बल दिया। जिला चिकित्सालय नर्मदापुरम द्वारा आयोजित यह विशेष शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में गर्भवती महिलाओं ने लाभ प्राप्त किया। कार्यक्रम के दौरान विधायक डॉ. सीताशरण शर्मा द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के अंतर्गत जिला अस्पताल मे पौधा रोपण किया गया।

