
नर्मदापुरम / (पी एम यू एम) प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षक कल्याण कोष, जिला नर्मदापुरम के पदाधिकारियों ने जिला शिक्षा अधिकारी एल.एन. प्रजापति को ज्ञापन सौंपकर शिक्षकों को शिक्षक कल्याण कोष से जोड़ने हेतु आवश्यक पहल करने का अनुरोध किया।
ज्ञापन में बताया गया कि लोक शिक्षण संचालनालय, भोपाल द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार शिक्षकों को पी एम यू एम शिक्षक कल्याण कोष से जुड़ने के लिए प्रेरित किए जाने की आवश्यकता है। पदाधिकारियों ने जिला शिक्षा अधिकारी से आग्रह किया कि संचालनालय के पत्र के आधार पर जिला शिक्षा कार्यालय द्वारा भी एक पत्र जारी किया जाए, जिससे जिले के अधिक से अधिक शिक्षक इस कल्याणकारी योजना से जुड़ सकें।
पदाधिकारियों ने कहा कि यह कोष शिक्षकों और उनके परिवारों के लिए संकट की घड़ी में संबल का कार्य करता है। किसी शिक्षक के असामयिक निधन की स्थिति में उसके परिजनों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है, जिससे परिवार को कठिन समय में सहयोग मिल सके। उन्होंने बताया कि अधिक से अधिक शिक्षकों के जुड़ने से कोष और अधिक मजबूत होगा तथा जरूरतमंद परिवारों को समय पर सहायता प्रदान की जा सकेगी। जिला शिक्षा अधिकारी महोदय ने कहा कि यह योजना बहुत अच्छी योजना है शीघ्र ही मै कार्यालय से पत्र करने का आश्वासन दिया एवं स्वयं का भी रजिस्ट्रेशन करने को कहा ।
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षक संघ के संभागीय सचिव कुंवर सिंह वाडिवा, जिला अध्यक्ष गजेंद्र यादव, देवेंद्र खरे एवं पुरुषोत्तम अहिरवार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि जिला शिक्षा कार्यालय द्वारा सकारात्मक पहल किए जाने पर जिले के शिक्षक बड़ी संख्या में शिक्षक कल्याण कोष से जुड़ेंगे, जिससे दिवंगत शिक्षकों के परिवारों को आर्थिक सुरक्षा एवं सहयोग प्राप्त हो सकेगा।

