
नर्मदापुरम / अपराधियों के हौसले इतने बुलंद है और वारदात को अंजाम दे रहे हैं। जिले के तालनगरी गांव में रविवार और सोमवार की दरमियानी रात एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक निर्माणाधीन मकान की सुरक्षा के लिए खेत में बनी अस्थाई झोपड़ी (टपरिया) में सो रही 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला पर अज्ञात बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावर बुजुर्ग के शरीर से चांदी के कड़े और अन्य कीमती आभूषण लूटकर मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से लहूलुहान महिला को इलाज के लिए नर्मदापुरम के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ वे जीवन और मौत के बीच जूझ रही हैं। सूनेपन का फायदा उठाकर दिया वारदात को अंजाम पीड़ित परिवार का मुख्य मकान गांव के भीतर स्थित है, जबकि खेत पर एक नया मकान बन रहा है। इस निर्माण कार्य की निगरानी के लिए बुजुर्ग महिला अपने बेटे छोटेलाल के साथ खेत पर बनी टपरिया में ही रह रही थीं। रविवार की रात किसी काम की वजह से छोटेलाल गांव वाले मकान में ही रुक गए थे। खेत पर बुजुर्ग महिला को अकेला पाकर अज्ञात बदमाशों ने इस सूनेपन का फायदा उठाया और वारदात को अंजाम दे डाला। सुबह खून से लथपथ मिलीं बुजुर्ग, चारपाई से 10 फीट दूर पड़ी थीं बुजुर्ग महिला के पोते गोविंद कीर के अनुसार, सोमवार सुबह लगभग 8:30 बजे जब उनके चाचा छोटेलाल खेत पर पहुँचे, तो वहाँ का नजारा देखकर दंग रह गए। उनकी मां अपनी चारपाई (खटिया) से करीब 10 फीट दूर जमीन पर बेहोश पड़ी हुई थीं। उनके सिर से अत्यधिक खून बह चुका था और कपड़े पूरी तरह खून से सने थे। जब परिजनों ने जांच की, तो उनके हाथों से चांदी के कड़े और अन्य जेवरात गायब थे। सोते समय ईंट से वार करने की आशंका घटनास्थल की स्थिति को देखकर पुलिस और परिजनों ने हत्या के प्रयास और लूट की आशंका व्यक्त की है। झोपड़ी के भीतर खटिया पर बिछी चादर और जमीन पर भारी मात्रा में खून बिखरा मिला है। वहीं पास में ही एक ईंट भी बरामद हुई है। अंदेशा जताया जा रहा है कि बदमाशों ने सोते समय वृद्धा के सिर पर ईंट से ताबड़तोड़ वार किया होगा। खुद को बचाने के संघर्ष में बुजुर्ग महिला कुछ दूर तक चलीं और फिर जमीन पर गिरकर अचेत हो गईं, जिसके बाद बदमाश आसानी से जेवर लूट ले गए। FSL, डॉग स्क्वॉड और साइबर सेल की टीमें जांच में जुटीं घटना की सूचना मिलते ही देहात थाना प्रभारी सौरभ पांडे, एसआई अरविंद बेले और खुमान सिंह पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुँचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया। वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक (FSL) टीम, डॉग स्क्वॉड और साइबर सेल की मदद ली जा रही है। इसके साथ ही पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी कड़ियों को भी खंगाल रही है। थाना प्रभारी का बयान देहात थाना प्रभारी सौरभ पांडे ने बताया कि सुबह पुलिस को तालनगरी में खेत पर बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट होने की सूचना प्राप्त हुई थी। परिजनों की शिकायत पर लूट और हमले का मामला दर्ज कर लिया गया है। महिला की हालत बेहद नाजुक है और वे डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में हैं। फिलहाल आरोपी अज्ञात हैं, लेकिन पुलिस संदिग्धों और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है। जल्द ही आरोपियों को सरगर्मी से तलाश कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

