
नर्मदापुरम / सिवनी मालवा / क्षेत्र अंतर्गत नानपा से कुल्हड़ा गांव को जोड़ने वाली मुख्य सड़क की जर्जर हालत से क्षेत्र के हजारों ग्रामीण परेशान हैं। करीब 4 से 7 किलोमीटर लंबा यह मार्ग न केवल नानपा और कुल्हड़ा गांव को जोड़ता है, बल्कि आसपास के 10 से 12 गांवों के लिए भी प्रमुख संपर्क मार्ग है। यही सड़क मां नर्मदा परिक्रमा पथ से भी जुड़ी हुई है, जिससे श्रद्धालुओं और यात्रियों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों के अनुसार सड़क का निर्माण मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत शुरू किया गया था, लेकिन कार्य अधूरा छोड़ दिया गया। बाद में केवल जेएसबी डालकर खानापूर्ति कर दी गई, जिससे सड़क की स्थिति और अधिक खराब हो गई। जगह-जगह बड़े गड्ढे और उखड़ी हुई सतह के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।बारिश के मौसम में यह सड़क कीचड़ और दलदल में तब्दील हो जाती है, जबकि गर्मियों में धूल के गुबार उड़ने से राहगीरों और ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि छोटे-बड़े वाहनों के लिए यह मार्ग जोखिमभरा बन चुका है और कई बार दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं।स्थानीय निवासी रामलाल, सुंदरलाल एवं अन्य ग्रामीणों ने बताया कि बच्चों को स्कूल भेजने, मरीजों को अस्पताल पहुंचाने तथा किसानों को कृषि उपज बाजार तक ले जाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वर्षों से प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों से सड़क निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर सड़क का शीघ्र निर्माण एवं मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यह मार्ग क्षेत्र के विकास, कृषि परिवहन और नर्मदा परिक्रमा से जुड़े पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर वर्षों पुरानी इस समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।

