

नर्मदापुरम / इटारसी / सेवा भारती नर्मदापुरम द्वारा 7 जून 2026 को ध्रुपन, इटारसी स्थित सेवा भारती बालिका छात्रावास में एकदिवसीय कार्यकर्ता विकास वर्ग का आयोजन किया गया। कार्यक्रम सुबह 10 बजे दीप प्रज्वलन के साथ शुरू हुआ।
मुख्य अतिथि क्षेत्र सेवा प्रमुख ओमप्रकाश सिसोदिया, विशेष अतिथि मध्य भारत प्रान्त उपाध्यक्ष नेहा सीठा, जिला अध्यक्ष सतीश अग्रवाल और जिला उपाध्यक्ष निकुंज गुरु ने दीप जलाकर शुभारंभ किया। बैठक में जिला व नगर समिति की पदाधिकारी, आयाम प्रमुख, संस्कार केंद्र की शिक्षिकाएं, आरोग्य मित्र, पूर्व छात्राएं उपस्थित रहीं।
मुख्य अतिथि सिसोदिया ने संस्कार केंद्र के संचालन पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि संस्कार केंद्र के माध्यम से नई पीढ़ी को संस्कारित और देशभक्त बनाना ही राष्ट्र निर्माण है। संस्कार केंद्र की बहनें किशोरी विकास केंद्र, भजन मंडली और स्वसहायता समूह बनाकर साप्ताहिक बैठक करें, जिससे बस्ती संगठित, संस्कारित और स्वावलंबी बने। उन्होंने पूर्व छात्राओं से आग्रह किया कि वे जिस कॉलेज या स्थान पर रहें, वहां सेवा भारती के कार्यों को अपने जीवन में उतारें। सिसोदिया ने सेवा भारती के कार्य को ईश्वरीय कार्य बताते हुए निष्ठा और ईमानदारी से संकल्पपूर्वक काम करने का संदेश दिया।
द्वितीय सत्र में नेहा सीठा ने किशोरी विकास आयाम पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि किशोरियों को इस अवस्था से जुड़े अच्छे-बुरे विषयों पर माता-पिता से खुलकर बात करनी चाहिए।
कार्यक्रम में डॉ. हर्षल कावरे, जिला रेडक्रास सचिव डॉ. शैलेंद्र शुक्ला, डॉ. शीतल दयाल, डॉ. अचलेश्वर दयाल, सारिका कटरे, सुमित्रा तोमर, राजेंद्र तोमर, मनोज राय, विभाग संयोजक शिवप्रताप सिंह उपस्थित रहे, आभार जिला अध्यक्ष सतीश सवारिया ने व्यक्त किया।

