
सिवनी मालवा / भिलट बाबा के पास चांदनी नदी पर बने पुल की लापरवाही अब लोगों की जान पर बन आई है। पुल के बीचोंबीच बना एक बड़ा गड्ढा राहगीरों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है, लेकिन लोक निर्माण विभाग और प्रशासन की आंखें अब तक बंद हैं।
पिछले हफ्ते एक मोटरसाइकिल सवार गड्ढे को समय पर नहीं देख पाया और हादसे का शिकार हो गया। गंभीर रूप से घायल चालक को राहगीरों की मदद से एंबुलेंस द्वारा सिवनी मालवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह गड्ढा कई दिनों से है, लेकिन जिम्मेदार विभागों ने मरम्मत की सुध तक नहीं ली। “हर दिन सैकड़ों वाहन इस पुल से गुजरते हैं। अगर बरसात में या रात के समय कोई बड़ा हादसा हो गया तो इसका जिम्मेदार कौन होगा?” – यह सवाल अब लोगों के मन में है।
राहगीरों और क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से तत्काल पुल की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना को रोका जा सके।

