
नर्मदापुरम / कलेक्टर सोमेश मिश्रा के आदेशानुसार प्रवासी श्रमिकों की जानकारी प्रवासी पोर्टल पर दर्ज किए जाने हेतु औद्योगिक क्षेत्र मोहासा में श्रम विभाग द्वारा निरीक्षण एवं भ्रमण किया गया। इस दौरान श्रम निरीक्षक सरिता साहू द्वारा निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों से उन्हें प्राप्त होने वाली मजदूरी के संबंध में जानकारी ली गई। श्रमिकों द्वारा बताया गया कि उन्हें प्रतिदिन 370 रुपये मजदूरी प्राप्त हो रही है तथा वे पेटी ठेकेदार दिनेश जाट निवासी अलवर, राजस्थान के माध्यम से कार्य कर रहे हैं। इस पर श्रम निरीक्षक द्वारा पेटी ठेकेदार को निर्माण स्थल पर बुलाकर श्रमिकों को कम भुगतान किए जाने के संबंध में पूछताछ की गई।
इसके पश्चात मुख्य ठेकेदार सिंघानिया इंफ्रा से भुगतान संबंधी जानकारी प्राप्त की गई। ठेकेदार द्वारा बताया गया कि पेटी ठेकेदार को श्रमिकों के भुगतान हेतु 480 रुपये प्रतिदिन की दर से राशि उपलब्ध कराई जा रही थी। जांच में यह पाया गया कि पेटी ठेकेदार दिनेश जाट द्वारा श्रमिकों को निर्धारित राशि से कम वेतन का भुगतान किया जा रहा था। प्रकरण में कार्रवाई करते हुए श्रमिकों को न्यूनतम वेतन से कम प्राप्त अंतर राशि एवं ओवरटाइम का भुगतान कराया गया। कुल 08 श्रमिकों को 42 हजार 190 रुपये की राशि दिलाई गई। श्रम निरीक्षक सुश्री सरिता साहू द्वारा संबंधित ठेकेदार को निर्देशित किया गया कि भविष्य में शासन द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी राशि 478 रुपये प्रतिदिन से कम भुगतान किसी भी श्रमिक को न किया जाए। साथ ही श्रमिकों को उनका मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराया गया, ताकि भविष्य में भुगतान संबंधी किसी भी समस्या की स्थिति में वे सीधे संपर्क कर सकें।

