

नर्मदापुरम / मां नर्मदा के पवित्र तटों को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के संकल्प के साथ अखिल भारतीय कायस्थ समाज द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में रात की भारी बारिश के बाद चित्रगुप्त घाट पर जमा हुए कचरे और कूड़े को साफ करने के लिए समाज की मातृशक्ति और पुरुष सदस्यों ने रविवार को एक स्वच्छता अभियान चलाया। यह अभियान 4 वर्षों से निरंतर जारी है मातृशक्ति का यह संकल्प रविवार रात हुई बारिश के कारण चित्रगुप्त घाट के फर्श पर भारी मात्रा में कीचड़ और कचरा जमा हो गया था। सुबह घाट की स्थिति को देखते हुए कायस्थ समाज की मातृशक्ति और पुरुष सदस्य तगाड़ी, फावड़े और झाड़ू लेकर मैदान में उतर गए। समाज के सदस्यों ने कड़ी मेहनत कर पूरे घाट से कचरा हटाया और उसे डस्टबिन में एकत्रित किया। उल्लेखनीय है कि मातृशक्ति द्वारा पिछले 4 वर्षों से बिना रुके हर रविवार को यह अनुकरणीय अभियान चलाया जा रहा है। सेवानिवृत्ति बैंक अधिकारी विजय वर्मा ने कहा कि मां नर्मदा की पवित्रता बनाए रखना हमारा कर्त्तव्य है। मां नर्मदा का यह पवित्र चित्रगुप्त घाट न केवल प्रदेश बल्कि पूरे देश में अपनी विशेष पहचान रखता है। अमावस्या, पूर्णिमा और नर्मदा जयंती जैसे बड़े अवसरों पर यहां ऐतिहासिक महोत्सव होते हैं, जिसमें देश-विदेश से श्रद्धालु आते हैं। घाट पर स्नान करते समय पूरी सावधानी बरतें। मां नर्मदा के जल में नहाते वक्त साबुन, शैम्पू जैसी केमिकल युक्त चीजों का उपयोग बिल्कुल न करें। नदी की पवित्रता को ठेस पहुंचाने वाली फूल-माला या अन्य कोई भी पूजन सामग्री सीधे जल में न प्रवाहित करें। स्वच्छता अभियान की सराहना करते हुए विजय वर्मा ने कहा कि अभियान पूरे समाज के लिए एक महान प्रेरणा है। मां नर्मदा हम सबकी जीवनदायिनी हैं। वे हमारे अस्तित्व का आधार हैं, इसलिए इन्हें स्वच्छ और अक्षुण्ण बनाए रखना हम सभी का परम और नैतिक कर्तव्य है। वही रितु श्रीवास्तव ने कहा कि नर्मदा के घाटों से ही हमारी पहचान है। सभी शहर वासियों को इस अभियान में जुड़ना चाहिए। जब तक हर नागरिक जागरूक नहीं होगा, तब तक संपूर्ण स्वच्छता का सपना पूरा नहीं हो सकता। इस मौके पर समाजसेवी सुमन वर्मा, रिटायर्ड बैंक अधिकारी विजय वर्मा, मंजू श्रीवास्तव, प्रीति खरे, ज्योति वर्मा, अभय वर्मा, प्रिया श्रीवास्तव, मनोज वर्मा, सुनील राय, राजेंद्र श्रीवास्तव, अशोक वर्मा, रश्मि वर्मा, रश्मि सक्सेना, नीतू सक्सेना, रितु श्रीवास्तव, लालता प्रसाद, ममता तिवारी, अदिति, गुनगुन खरे, सीधी खरे, सुनील तिवारी नपा सुपरवाइजर सहित अखिल भारतीय कायस्थ समाज के अन्य प्रमुख जन और मातृशक्ति उपस्थित रहीं।

