

नर्मदापुरम / नर्मदापुर युवा मंडल द्वारा प्रत्येक रविवार को नेहरू पार्क में आयोजित किए जाने वाले लोकप्रिय संगीत कार्यक्रम “सुरीला नर्मदापुरम” का सफर लगातार 50 वें सप्ताह से जारी है। रविवार को कार्यक्रम का 50 वां सप्ताह उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान 40 से अधिक स्थानीय संगीत कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को यादगार बना दिया। कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने फिल्मी गीत, भजन, ग़ज़ल एवं सुगम संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। जिनका उपस्थित संगीत प्रेमियों ने भरपूर आनंद लिया। कलाकारों की मधुर आवाज़ और उत्कृष्ट प्रस्तुति से नेहरू पार्क का वातावरण देर शाम तक सुरमय बना रहा। नर्मदापुर युवा मंडल के मनीष परदेशी ने बताया कि पिछले 50 सप्ताहों से लगातार आयोजित हो रहा यह कार्यक्रम स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ-साथ शहर की सांस्कृतिक गतिविधियों को भी नई पहचान दे रहा है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संगीत प्रेमी, वरिष्ठ नागरिक, युवा एवं परिवारजन उपस्थित रहे। 50वें सप्ताह के सफल आयोजन पर कलाकारों एवं श्रोताओं ने नर्मदापुर युवा मंडल के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि “सुरीला नर्मदापुरम” शहर की सांस्कृतिक पहचान बन चुका है और स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का निरंतर अवसर प्रदान कर रहा है। कार्यक्रम के अंत में नर्मदापुर युवा मंडल अध्यक्ष अखिलेश खंडेलवाल ने सभी कलाकारों का सम्मान किया। कार्यक्रम के अंत में सुरीला नर्मदापुरम के हरीश मांझी ने उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया गया तथा आने वाले सप्ताहों में भी इसी प्रकार संगीत की स्वर लहरियां शहरवासियों तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम का संचालन शाहिद खान द्वारा किया गया।

