
नर्मदापुरम / प्रदेश के सभी छात्रों को डिजिटल पहचान देने और शासन की योजनाओं का लाभ सीधे पहुंचाने के लिए शिक्षा विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। अब जिले के हर शासकीय और अशासकीय विद्यालय में हर शनिवार “मेगा अपार दिवस” आयोजित किया जाएगा। इससे छात्रों का परीक्षा परिणाम, छात्रवृत्ति, शासकीय योजनाओं की जानकारी और अन्य शैक्षणिक रिकॉर्ड सीधे डिजिलॉकर पर उपलब्ध होंगे।
जिला शिक्षा अधिकारी नर्मदापुरम ने बताया कि जिले में विगत वर्ष से चल रही प्रक्रिया में कक्षा 1 से 12 तक के 65% विद्यार्थियों की अपार आईडी बन चुकी है। अब शासन ने सभी विद्यालय प्राचार्यों को 30 जून 2026 तक 100% छात्रों की अपार आईडी बनाने का लक्ष्य दिया है।
राज्य शिक्षा केंद्र के निर्देशानुसार 1 जून से 30 जून 2026 तक प्रत्येक शनिवार सभी स्कूलों में मेगा अपार दिवस मनाया जाएगा। इस दिन अभिभावकों को आमंत्रित किया जाएगा जिनके बच्चों की आईडी अभी नहीं बनी है। तथा उन्हें अपार आईडी के फायदे बताए जाएंगे और मौके पर ही आईडी बनाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी प्राचार्यों और पालकों से अपील की है कि मेगा अपार दिवस पर अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर बच्चों की डिजिटल पहचान बनाने में सहयोग करें, ताकि कोई भी छात्र शासन की सुविधाओं से वंचित न रहे।

