
नर्मदापुरम / भारतीय जनता पार्टी प्रदेश संगठन के निर्देशानुसार एवं भाजपा जिला अध्यक्ष के मार्गदर्शन में सिवनी मालवा नगर एवं सिवनी मालवा ग्रामीण मंडल की मासिक मंडल बैठक शनिवार को संपन्न हुई। बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, जनहित के मुद्दों तथा पार्टी की गतिविधियों को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफलतम 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 5 जून से 21 जून तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में चलाए जा रहे “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान की समीक्षा की गई तथा आगामी दिनों में होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में अभियान को अधिक प्रभावी बनाने के लिए प्रत्येक शक्ति केंद्र एवं बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। मंडल बैठक के पश्चात शक्ति केंद्र एवं बूथ स्तर की बैठकों के आयोजन की योजना भी बनाई गई, जिससे संगठनात्मक गतिविधियों को अंतिम पंक्ति तक पहुंचाया जा सके।
प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार “मन की बात” कार्यक्रम को प्रत्येक बूथ पर सुनने एवं अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, सेवा गतिविधियों एवं जनसंपर्क अभियानों को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं। बैठक में सिवनी मालवा नगर मंडल प्रभारी गोविंद राय एवं सिवनी मालवा ग्रामीण मंडल प्रभारी लोकेश तिवारी, जिला मंत्री जितेन्द्र चौहान, वरिष्ठ नेता यशवंत पटेल, केशव उर्मिल, मंडल अध्यक्ष नीरज तिवारी एवं वरूण रघुवंशी सहित नगर एवं ग्रामीण मंडल के पदाधिकारी, शक्ति केंद्र प्रभारी, बूथ अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

