

नर्मदापुरम / प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवाहन पर तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से प्रेरित होकर ईंधन की बचत तथा पर्यावरण संरक्षण के मूल मंत्र को सार्थक करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार “प्रशासन आपके द्वार” अभियान अंतर्गत एक अभिनव पहल की गई। अभियान के तहत आयोजित रात्रि चौपाल में शामिल होने हेतु विभिन्न विभागों के अधिकारी एक साथ सार्वजनिक वाहन बस से यात्रा कर ग्राम पंचायत चौतलाय पहुंचे। इस दौरान कलेक्टर सोमेश मिश्रा स्वयं भी समस्त अधिकारियों के साथ बस में यात्रा करते हुए कार्यक्रम स्थल पहुंचे। कलेक्टर श्री मिश्रा ने इस पहल के माध्यम से सामूहिक परिवहन को बढ़ावा देने, ईंधन की बचत करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। रात्रि चौपाल में डीएफओ गौरव शर्मा, एडिशनल एसपी अभिषेक राजन, उपसंचालक कृषि रविकांत सिंह, उपसंचालक पशुपालन विभाग डॉ. शैलेंद्र नेमा, जिला खनिज अधिकारी देवेश मरकाम, उप संचालक उद्यानिकी विभाग श्रीमती रीता उईके, जिला प्रबंधक उद्योग विभाग, श्रम पदाधिकारी श्रीमती वर्षा इरपाचे, सीएमएचओ डॉ. नरसिंह गहलोत, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग विवेक नागवंशी सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन द्वारा “प्रशासन आपके द्वार” अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर नागरिकों की समस्याओं के निराकरण एवं जनसंवाद की दिशा में सतत प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पर्यावरण संरक्षण एवं संसाधनों के समुचित उपयोग को बढ़ावा देने हेतु यह पहल की गई एवं आम लोगो को भी सार्वजनिक वाहनों का उपयोग करने के लिए जागरूक किया गया।

