
नर्मदापुरम / भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता पूर्व नपाध्यक्ष डॉ. अखिलेश खंडेलवाल ने नर्मदापुरम शहर की यातायात सुविधा को बेहतर बनाने के उद्देश्य से बड़ी पहाड़िया क्षेत्र में रेलवे अंडर ब्रिज निर्माण की मांग को लेकर डीआरएम, भोपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। रेलवे सलाहकार समिति सदस्य योगेंद्र सिंह राजपूत के माध्यम से भेजे ज्ञापन में बताया गया कि नर्मदापुरम की बड़ी पहाड़िया के पास रेलवे लाइन पर अंडर ब्रिज का निर्माण होने से न केवल नगरवासियों बल्कि जिले के अनेक ग्रामीण नगरीय क्षेत्रों के लोगों को भी आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। प्रस्तावित अंडर ब्रिज फेफरताल हरदा रोड से रसूलिया, हाउसिंग बोर्ड होते हुए मालाखेड़ी में माखननगर मार्ग को जोड़ने का कार्य करेगा।
डॉ. खंडेलवाल ने कहा कि वर्तमान में लोगों को लंबा चक्कर लगाकर आवागमन करना पड़ता है। अंडर ब्रिज के निर्माण से कई किलोमीटर की दूरी कम होगी, समय की बचत होगी तथा ईंधन की खपत भी घटेगी। इससे क्षेत्र में यातायात सुगम होने के साथ-साथ आम नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। उन्होंने रेलवे प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई कर अंडर ब्रिज निर्माण की स्वीकृति प्रदान करने की मांग की है। ज्ञापन की प्रतिलिपि सांसद को भी प्रेषित की गई है।

