


नर्मदापुरम / विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा की उपस्थिति में हर्बल पार्क से पोस्ट ऑफिस (सावरकर) घाट तक ‘‘जल चेतना परिक्रमा’’ रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन एवं प्रकृति के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया गया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नीतू यादव, जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन, डीएफओ गौरव शर्मा, अपर कलेक्टर अनिल जैन, डिप्टी कलेक्टर डॉ. बबीता राठौर, संभागीय समन्वयक जन अभियान परिषद कौशलेश तिवारी, सहित बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थी, प्रबुद्ध जन एवं जिला अधिकारी गण उपस्थित रहे।
रैली से पूर्व हर्बल पार्क परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने सहभागिता करते हुए ‘‘एक पेड़ मां के नाम’’ अभियान अंतर्गत आम के वृक्ष का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हिमांशु जैन ने भी आम का पौधा लगाया। कलेक्टर श्री मिश्रा ने स्कूली विद्यार्थियों के साथ मिलकर बादाम के वृक्ष का पौधारोपण भी किया। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि केवल वृक्ष लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसका संरक्षण करना भी हम सभी का दायित्व है। बच्चों ने भी पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया। पौधारोपण के दौरान कलेक्टर बच्चों के साथ आत्मीय एवं हास्यपूर्ण संवाद करते हुए नजर आए, जिससे बच्चों में विशेष उत्साह देखा गया। कलेक्टर श्री मिश्रा ने कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित पत्रकार बंधुओं के साथ भी पौधारोपण किया। उन्होने पत्रकार बंधुओं के साथ बादाम के वृक्ष का पौधा रोपित किया।
पौधारोपण कार्यक्रम के पश्चात कलेक्टर श्री मिश्रा हर्बल पार्क से पोस्ट ऑफिस (सावरकर) घाट तक नर्मदा नदी के तटीय क्षेत्र से गुजरते हुए ‘‘जल चेतना परिक्रमा’’ रैली में सम्मिलित हुए। रैली के दौरान उन्होंने बच्चों के साथ मिलकर सीड बॉल भी तैयार किए। इन सीड बॉल को वर्षाकाल में चिन्हित क्षेत्रों में फैलाया जाएगा, जहां वर्षा जल के संपर्क में आने पर बीज स्वतः अंकुरित होकर पौधों के रूप में विकसित होंगे। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नीतू यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, स्कूली विद्यार्थी एवं नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों के साथ मिलकर सीड बॉल निर्माण में सहभागिता कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पोस्ट ऑफिस घाट पर आयोजित ट्रांजिट वॉक एवं व्याख्यान कार्यक्रम में कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार हमें अपने पूर्वजों एवं वरिष्ठ जनों से प्राकृतिक संपदा उपहार स्वरूप प्राप्त हुई है, उसी प्रकार हमारा भी कर्तव्य बनता है कि हम इस पर्यावरण को संचित करते हुए आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित रूप से पहुंचाएं। कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि हमें पर्यावरण के रूप में ईश्वर का अमूल्य आशीर्वाद प्राप्त हुआ है। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर इसी संरक्षण की चेतना को जागृत करने के उद्देश्य से ट्रांजिट वॉक का आयोजन किया गया, ताकि आमजन को पर्यावरण के महत्व, उसके संरक्षण तथा प्रत्येक जीव के लिए उसकी आवश्यकता के संबंध में जागरूक किया जा सके। उन्होंने कहा कि यदि प्रकृति सुरक्षित रहेगी तो निश्चित ही इस संसार के समस्त जीवित प्राणी भी सुरक्षित रहेंगे। कलेक्टर ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा भी पर्यावरण संरक्षण के लिए विभिन्न नवाचार प्रारंभ किए जाएंगे, जिससे जनसहभागिता के माध्यम से प्रकृति संरक्षण को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके। कलेक्टर श्री मिश्रा ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि हमें जो भी प्रकृति से प्राप्त हुआ है, उसके अनुरूप हमें प्रकृति को लौटाने का भी प्रयास करना चाहिए, ताकि पर्यावरण संतुलन बना रहे और प्राकृतिक संसाधन संरक्षित रह सकें। उन्होंने कहा कि प्रकृति संरक्षण में किया गया छोटा से छोटा कार्य भी उतना ही महत्वपूर्ण होता है जितना कोई बड़ा प्रयास। इसलिए प्रत्येक नागरिक को अपने स्तर पर पर्यावरण संरक्षण के लिए सकारात्मक पहल करनी चाहिए।
पर्यावरण संरक्षण एवं ईंधन की बचत की दिशा में कलेक्टर की महत्वपूर्ण पहल….
ई स्कूटर से पहुंचे कार्यक्रम स्थल तक…..
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवाहन पर तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से प्रेरित होकर नर्मदापुरम कलेक्टर भी विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर हर्बल पार्क में आयोजित पौधारोपण एवं ट्रांसिट वॉक कार्यक्रम के दौरान अपने निवास से लेकर कार्यक्रम स्थल तक इलेक्ट्रिक स्कूटर को चलाते हुए कार्यक्रम स्थल पहुंचे। इसी के साथ उन्होंने दो पहिया वाहन चलाते समय नागरिकों को हेलमेट पहनने के लिए भी जागरूक किया तथा यातायात नियमों का पालन किए जाने का संदेश भी दिया।

