

इटारसी / आज दिनांक 05 जून 2026 को पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सूरजगंज, इटारसी में मध्य प्रदेश शिक्षक संघ जिला नर्मदापुरम की महत्वपूर्ण जिला स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन-अर्चन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। जिला उपाध्यक्ष रामगोपाल पटेल द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई। उपस्थित समस्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों का तिलक लगाकर सम्मान किया गया।
बैठक की शुरुआत जिला अध्यक्ष मालकजी पटेल द्वारा दिनांक 05 अप्रैल 2026 को सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित बैठक की कार्यवाही एवं उस बैठक में निर्धारित एजेंडे के अनुसार की गई। प्रगति का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत कर की गई। निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति हेतु उपस्थित सदस्यों द्वारा ध्वनिमत से अनुमोदन प्रदान किया गया।
बैठक के मुख्य वक्ता एवं प्रांतीय सह संगठन मंत्री राजीव कुमार शर्मा ने आगामी प्रदेश अभ्यास वर्ग, जो 26 अगस्त 2026 से उज्जैन में आयोजित होना है, के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने वर्ष 2026 के सदस्यता अभियान को सफल बनाने पर विशेष जोर देते हुए सभी कार्यकर्ताओं को अधिकाधिक सदस्य बनाने हेतु प्रेरित किया। साथ ही मध्य प्रदेश शिक्षक संघ द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित किए जाने वाले गुरु पूर्णिमा कार्यक्रम की तैयारियों, अगस्त माह में प्रस्तावित जिला स्तरीय शिक्षक सम्मेलन तथा जिले के सेवानिवृत्त शिक्षकों के भव्य सम्मान समारोह के आयोजन पर अपने विचार व्यक्त किए।
उन्होंने संत शिरोमणि संत रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर प्रदेश एवं जिला स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा एवं कार्ययोजना पर भी विस्तार से चर्चा की। श्री शर्मा ने स्पष्ट रूप से कहा कि टीईटी परीक्षा संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान राष्ट्रीय शैक्षिक अखिल भारतीय महासंघ एवं मध्य प्रदेश शिक्षक संघ के संयुक्त प्रयासों से ही संभव है।
संभागीय अध्यक्ष के.के. मालवीय ने जनजातीय कार्य विभाग के शिक्षकों की क्रमोन्नति, मुख्य परीक्षकों के मानदेय भुगतान तथा अन्य शिक्षक समस्याओं के निराकरण पर अपने विचार व्यक्त करते हुए आश्वासन दिया कि वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष इन विषयों को प्रभावी रूप से उठाकर शीघ्र समाधान कराया जाएगा।
जिला अध्यक्ष श्री मालकजी पटेल ने त्रिभाषा सूत्र के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की। बैठक का सफल संचालन जिला सचिव अजीत सिंह भदौरिया द्वारा किया गया।
बैठक में प्रांतीय महिला प्रकोष्ठ प्रमुख श्रीमती भगवती सिंह, श्रीमती विशाखा ठाकुर, श्रीमती छाया पटेल, श्री कोमल सिंह कुर्मी, महेश कुमार रायकवार, नरेंद्र शाह, देवेंद्र कुमार उसरेटे (पूर्व जिला संगठन मंत्री), जिला उपाध्यक्ष राजेश चौधरी, आर.एस. कुमरे, रोहित शुक्ला, जयशंकर शुक्ला, यू के दीवान, प्रफुल्ल सैनी, रामगोपाल पटेल, प्रदीप कुमार पटेल, रामप्रसाद पटेल, भाईजी प्रसाद आम्रवंशी, उमेश कुमार श्रीवास्तव, रामनरेश सिंह, नवीन पटेल (जिला संगठन मंत्री) सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
इस अवसर पर ब्रजेश पटेल को गायत्री परिवार के संगठनात्मक कार्यों हेतु सम्मानित किया गया।
बैठक के समापन अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में प्रांतीय एवं जिला पदाधिकारियों द्वारा पौधारोपण किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया।
अंत में जिला उपाध्यक्ष राजेश चौधरी द्वारा आभार व्यक्त किया गया तथा शांति पाठ के साथ बैठक का सफलतापूर्वक समापन हुआ।

