
नर्मदापुरम / नर्मदा युवा संस्था एवं जिला ट्रायथलान संघ के संयुक्त तत्वाधान में दिनांक 20 अप्रेल से 5 जून 2026 तक संचालित 45 दिवसीय निःशुल्क तैराकी एवं ट्रायथलान खेल शिविर का विधिवत समापन मुख्य अतिथि डॉ. श्यामसुदंर मोटवानी एवं संस्था अध्यक्ष मुकुल गुप्ता तथा उमाशंकर व्यास अंतरराट्रीय तकनीकी आफिशियल के आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। इस दौरान शिविर में शामिल 150 छात्रों को प्रमाण पत्र एवं ट्राफी वितरण की गई साथ ही शिविर में सहयोग करने वाले प्रशिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। सभी को स्वल्पाहार कराया गया। ज्ञात हो कि उक्त शिविर प्रतिवर्ष ग्रीष्म अवकाश में आयोजित किया जाता है, जिसमें प्रशिक्षण प्राप्त अनेक खिलाड़ियों ने प्रदेश एवं देश का प्रतिनिधित्व कर गौरान्वित किया है। जिसमें प्रमुख नाम कु. हर्षिता तोमर एशियाई पदक विजेता, विश्वजीत कुशवाहा एवं यश बाथरें प्रमुख है। इस अवसर पर विगत दिवस राष्ट्रीय मॉडन पैन्टाथलान प्रतियोगिता गुजरात में गोल्ड मेडल प्राप्त करने वाले खिलाड़ी यश बाथरे का सम्मान किया गया। साथ ही आगामी माह में होने वाली राज्य स्तरीय ट्रायथलान प्रतियोगिता हेतु 15 सदस्यीय जिला दल का चयन किया गया, जो आगामी राज्य स्तरीय, प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेगें। इस अवसर पर कमलेश बाथरे, धीरेन्द्र मिश्रा अजीजसिंह राजपूत, बीरेन्द्र यादव राजा चौकसे, श्यामू नायक एवं महेन्द्र पचलानिया सहित अनेक खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

