
नर्मदापुरम / विश्व पर्यावरण दिवस के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी नर्मदापुर मंडल द्वारा प्रकृति संरक्षण एवं संवर्धन के संकल्प के साथ “एक पेड़ माँ के नाम 2.0” अभियान का भव्य आगाज़ किया गया। अंकिता नगर स्थित प्रथमेश्वर मंदिर परिसर में आयोजित इस गरिमामयी कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद माया नारोलिया मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुईं।
इस अवसर पर पर्यावरण चेतना और सामाजिक सौहार्द का एक अनूठा उदाहरण भी देखने को मिला। सांसद माया नारोलिया ने नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती नीतू यादव के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में उन्हें आत्मीय शुभकामनाएं प्रेषित कीं और जीवन के इस विशेष दिन को स्मरणीय बनाने हेतु उपहार स्वरूप ‘पौधा’ भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद नारोलिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में प्रारंभ हुआ “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान आज राष्ट्रव्यापी जन-आंदोलन का रूप ले चुका है। यह अभियान हमारी धरती मां की रक्षा और अपनी जन्मदात्री मां के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का एक पवित्र माध्यम है। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से इस महाअभियान का भागीदार बनने और रोपे गए पौधों के जीवंत संरक्षण का दायित्व उठाने का आह्वान किया।
पर्यावरण संरक्षण के इस संकल्प पर्व में क्षेत्र के वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और प्रबुद्ध जनों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में मुख्य रूप से नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती नीतू यादव, भाजपा मंडल अध्यक्ष रूपेश राजपूत, पूर्व जिला उपाध्यक्ष राजेश तिवारी, पूर्व मंडल अध्यक्ष विकास नारोलिया एवं पूर्व जनभागीदारी समिति अध्यक्ष नागेंद्र तिवारी, मंडल उपाध्यक्ष श्रीमती सुचित्रा यादव, बूथ अध्यक्ष सुनील लौवंशी, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष सुंदरम अग्रवाल, श्याम दुबे, जी .एल. मीना, बृजकिशोर दुबे, श्रीमती बसूबाई लौवंशी, श्रीमती ममता दीवान, अनिल लौवंशी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने प्रकृति को अक्षुण्ण बनाए रखने और पर्यावरण को प्रदूषण मुक्त करने का सामूहिक संकल्प लिया।

