नर्मदापुरम / विश्व पर्यावरण दिवस (5 जून) के अवसर पर शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना तथा “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत प्राचार्य डॉ. श्रीमती कामिनी जैन के मार्गदर्शन एवं राष्ट्रीय सेवा योजना नर्मदापुरम की जिला संगठक डॉ. हर्षा चचाने के सहयोग से पर्यावरण संरक्षण संबंधी विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत महाविद्यालय परिसर में पौधारोपण किया गया। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण शपथ, मानव श्रृंखला, सीडबॉल निर्माण तथा गोद ग्राम में पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए प्रकृति के संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया तथा पर्यावरण संतुलन बनाए रखने एवं हरित जीवनशैली अपनाने के लिए लोगों को प्रेरित किया।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. श्रीमती कामिनी जैन ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस का कार्यक्रम नहीं, बल्कि हमारी जीवनशैली का अभिन्न अंग होना चाहिए। पंच तत्वों के संयोग से बने हुए मानव जीवन और पर्यावरण का संबंध शाश्वत है विश्व पर्यावरण दिवस प्रकृति के प्रति अपनी अनिवार्य जिम्मेदारियों को प्राथमिकता के साथ अपने दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प पर्व है। हमारी संस्कृति में शामिल प्रकृति प्रेम की परिकल्पना हमारे दैनिक जीवन में भी सदा परिलक्षित होती रहे। प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में अपना योगदान देना चाहिए, जिससे आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं स्वस्थ पर्यावरण प्राप्त हो सके।
कार्यक्रम में डॉ. संगीता अहिरवार, डॉ. रागिनी सिकरवार एवं डॉ. मनीष चंद्र चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहे। राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी सुश्री पूजा गोस्वामी का कार्यक्रम के सफल आयोजन में विशेष योगदान रहा।
राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस (5 जून) से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) तक विशेष जनजागरूकता एवं सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इस अवधि में पौधारोपण, सार्वजनिक स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान, जल स्रोतों की साफ-सफाई एवं गहरीकरण, पर्यावरण संरक्षण संबंधी जनजागरूकता कार्यक्रम तथा योग के प्रति आमजन को जागरूक करने हेतु विविध गतिविधियाँ संचालित की जाएँगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से स्वयंसेवक पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन, स्वच्छता एवं स्वस्थ जीवनशैली का संदेश जन-जन तक पहुँचाने का कार्य करेंगे।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना की वरिष्ठ स्वयंसेवक दीपिका राज, स्टेट कैंपर सलोनी दुबे, स्वयं सेवक महक यादव, निकिता, सिमरन, करिश्मा सहित अनेक स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

