
नर्मदापुरम / पुलिस अधीक्षक जिला साई कृष्णा एस थोटा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) नर्मदापुरम जितेंद्र पाठक के निर्देशन में थाना कोतवाली पुलिस द्वारा हत्या के प्रकरण मे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
ज्ञात हो कि 01/06/25 को राजू कुचबंदिया पिता श्यामलाल निवासी बजरंग चौक के पास कचरापट्टी ग्वालटोली नर्मदापुरम को पेट में चाकू मारकर चोट पहुँचाई गई थी। जो उपचार के दौरान राजू कुचबंदिया की हमीदिया अस्पताल भोपाल में चाकू से आई चोटों के कारण मृत्यु हो गई थी। जिस पर मर्ग क्र. 42/26 धारा 194 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता का कायम कर जाँच में लिया गया। दौराने मर्ग जाँच मृतक का हमीदिया अस्पताल भोपाल में पीएम कराया गया।
घटना की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन मे पुलिस टीम गठित की जाकर आरोपी की तलाश हेतु घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरे चेक किये जिसमें घटना के समय मोहल्ले में रहने वाला उदित उर्फ गोल्डी पिता राजेन्द्र चौहान निवासी बजरंग चौक सत्संग गार्डन के सामने ग्वालटोली नर्मदापुरम मृतक के घर के आसपास संदिग्ध स्थिति में घूमता नजर आया। मृतक के परिजनो से पूछताछ की गई, जिन्होने भी उदित उर्फ गोल्डी का पहले से मृतक की दुकान से पान पाउच लेने कभी पैसे देने एवं कभी उधार कर देने की बात पर से विवाद होना बताया। घटना दिनांक को आरोपी द्वारा इसी बात पर से मृतक के साथ गाली गलौज कर मारपीट करना बताया। मारपीट के दौरान उदित द्वारा मृतक के पेट में चाकू मारकर चोट पहुँचाना बताया। मृतक के परिजनों के कथन एवं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी उदित उर्फ गोल्डी पिता राजेन्द्र चौहान निवासी बजरंग चौक सत्संग गार्डन के सामने ग्वालटोली नर्मदापुरम के विरुद्ध अपराध क्र. 548/26 धारा 103(1) बीएनएस की पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया। इलाज के दौरान राजू कुचबंदिया की मृत्यु हो जाने की जानकारी मिलने के बाद आरोपी उदित चौहान मण्डीदीप भोपाल तरफ भाग गया था। जो पुलिस टीम द्वारा आरोपी की तलाश पतारसी कर मण्डीदीप से आरोपी को अभिरक्षा में लेकर घटना के संबंध में पूछताछ की गई। जो आरोपी ने पुराने विवाद के कारण मृतक के पेट में चाकू मारना स्वीकार किया। आरोपी से अपराध में प्रयुक्त चाकू जब्त किया। आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। प्रकरण की विवेचना जारी है।
आरोपी का नाम :- उदित उर्फ गोल्डी पिता राजेन्द्र चौहान उम्र 27 साल निवासी बजरंग चौक सत्संग गार्डन के सामने ग्वालटोली नर्मदापुरम।
उक्त कार्यवाही में मुख्य भूमिका निरीक्षक कंचन सिंह ठाकुर थाना प्रभारी, थाना कोतवाली नर्मदापुरम, उनि नंदलाल झरबड़े, उनि विशाल नागवे, प्रधान आरक्षक रितेश यदुवंशी, विनोद लिखितकर, आरक्षक गजेंद्र डडोरे, पंकेश बघेला, आशीष राजपूत, अजमेश चंद्रौल, सतीश नागवंशी, रामकुमार वर्मा एवं दीपेश सोलंकी की रही।

