
नर्मदापुरम / विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नर्मदा एजुकेशन सोसायटी कॉलेज ऑफ एजुकेशन, नर्मदापुरम में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ.ज्योत्सना खरे एवं महाविद्यालय उपप्राचार्य डॉक्टर संजय गार्गव के द्वारा पर्यावरण जागरूकता संदेश के द्वारा कार्यक्रम की शुरुआत की गयी।इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में विभिन्न प्रकार के छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. ज्योत्सना खरे ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन एवं प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन के कारण पर्यावरण संतुलन प्रभावित हो रहा है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह अधिक से अधिक पौधे लगाए तथा उनके संरक्षण का संकल्प ले। उन्होंने कहा कि एक पौधा न केवल पर्यावरण को शुद्ध करता है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य का आधार भी बनता है।
इस अवसर पर महाविद्यालय का समस्त स्टाफ, कर्मचारी एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सभी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली तथा परिसर को हरित एवं स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान पौधों की देखभाल एवं संरक्षण के महत्व पर भी चर्चा की गई।
महाविद्यालय परिवार ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर समाज के सभी नागरिकों से अपील की कि वे पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आएं तथा अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाकर उसकी नियमित देखभाल करें। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण जागरूकता के संदेश के साथ हुआ।

