
नर्मदापुरम / विश्व पर्यावरण दिवस पर शासकीय कन्या महाविद्यालय इटारसी में पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास विषय पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना तथा प्रकृति संरक्षण के लिए जन-जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर. एस. मेहरा ने की। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने छात्राओं से वृक्षारोपण, जल संरक्षण एवं प्लास्टिक के उपयोग में कमी लाने का आह्वान किया। विभागाध्यक्ष, बायोसाइंस, बरकतउल्ला विश्वविद्यालय, भोपाल से पधारे मुख्य वक्ता एवं विशेष विशेषज्ञ डॉ. आर. के. गर्ग ने पर्यावरण संरक्षण के वैज्ञानिक पहलुओं पर व्याख्यान दिया। उन्होंने जैव विविधता संरक्षण, हरित ऊर्जा के उपयोग तथा सतत विकास की अवधारणा को सरल एवं प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। उन्होंने छात्राओं को पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम संयोजक एवं विभागाध्यक्ष डॉ. संजय आर्य ने विश्व पर्यावरण दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए पर्यावरणीय चुनौतियों और उनके समाधान पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन को रोकने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। छात्राओं द्वारा पर्यावरण संरक्षण विषय पर पोस्टर बनाकर प्रदर्शनी लगाई। अंत में सभी उपस्थितजनों ने पर्यावरण संरक्षण एवं अधिक से अधिक वृक्षारोपण का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, समस्त स्टॉफ एवं बड़ी संख्या में छात्राएँ उपस्थित रहीं।

