

नर्मदापुरम / रेल संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल में 09 जून से 11 जून 2026 तक अंतर्राष्ट्रीय समपार जागरूकता दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर मंडल के विभिन्न समपार फाटकों पर सड़क उपयोगकर्ताओं को रेल समपार पार करते समय अपनाई जाने वाली सुरक्षा सावधानियों के प्रति जागरूक किया जाएगा।मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी के मार्गदर्शन में इंजीनियरिंग, परिचालन, सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग तथा रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारी एवं कर्मचारी समपार फाटकों पर विशेष जनजागरूकता एवं काउंसिलिंग अभियान संचालित करेंगे। अभियान के दौरान सड़क उपयोगकर्ताओं को सुरक्षा संबंधी पंपलेट वितरित किए जाएंगे तथा उन्हें बंद समपार फाटक को पार न करने, रेलगाड़ी के आगमन से पूर्व पूर्ण सावधानी बरतने एवं यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।अभियान के अंतर्गत रेलवे स्टेशनों एवं समपार फाटकों पर सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली (पी.ए. सिस्टम) के माध्यम से सुरक्षा संदेशों का प्रसारण किया जाएगा। विशेष रूप से ऐसे समपार फाटकों पर जागरूकता गतिविधियों को प्राथमिकता दी जाएगी जहां पूर्व में सड़क उपयोग कर्ताओं द्वारा बूम बैरियर को क्षति पहुंचाने अथवा सुरक्षा नियमों के उल्लंघन की घटनाएं सामने आई हैं। इन स्थानों पर लोगों को समपार सुरक्षा नियमों के पालन हेतु विशेष रूप से परामर्श दिया जाएगा।अभियान को अधिक प्रभावी बनाने के लिए मंडल सांस्कृतिक अकादमी के कलाकारों द्वारा चयनित समपार फाटकों पर नुक्कड़ नाटक, लोक प्रस्तुतियों एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से जन जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इन प्रस्तुतियों के जरिए लोगों को रेल समपारों पर बरती जाने वाली सावधानियों तथा असावधानी से होने वाली दुर्घटनाओं के प्रति सचेत किया जाएगा।रेल प्रशासन ने सभी सड़क उपयोग कर्ताओं से अपील की है कि समपार फाटक पर पहुंचने पर निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन करें, बंद फाटक को पार करने का प्रयास न करें तथा अपनी एवं अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सहयोग प्रदान करें। जनसहभागिता और जागरूकता के माध्यम से ही समपार दुर्घटनाओं को प्रभावी रूप से रोका जा सकता है।

