


इटारसी / जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित कांग्रेस के संवाद एवं कार्यकर्ता सम्मेलन का भव्य आयोजन होटल एक्सप्रेस 11 में किया गया। सम्मेलन में मध्य प्रदेश विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल भैया ने मुख्य वक्ता के रूप में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन को मजबूत बनाने, बूथ स्तर तक कांग्रेस को सक्रिय करने तथा आगामी चुनावी चुनौतियों के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जिले एवं विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं, पदाधिकारियों, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, सेवादल तथा विभिन्न प्रकोष्ठों के सैकड़ों कार्यकर्ताओं की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही।
अपने उद्बोधन में अजय सिंह राहुल भैया ने कहा कि कांग्रेस केवल एक राजनीतिक दल नहीं बल्कि देश की लोकतांत्रिक और संवैधानिक विचारधारा की प्रतिनिधि है। आज देश और प्रदेश में आम जनता महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं, व्यापारियों की परेशानियों और बिगड़ती कानून व्यवस्था से जूझ रही है। ऐसे समय में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है कि वे जनता के बीच जाकर उनकी आवाज बनें और उनके हक की लड़ाई लड़ें।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास संघर्ष, सेवा और त्याग का इतिहास है। आज आवश्यकता है कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपने बूथ, अपने वार्ड और अपने क्षेत्र में सक्रिय रहकर संगठन को मजबूत बनाए। जनता के बीच लगातार संपर्क बनाए रखें और कांग्रेस की नीतियों तथा जनहितकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि जब कार्यकर्ता मजबूत होगा तो संगठन मजबूत होगा और संगठन मजबूत होगा तो कांग्रेस की जीत निश्चित होगी।
अजय सिंह राहुल भैया ने कार्यकर्ताओं को जीत का गुरुमंत्र देते हुए कहा कि चुनाव केवल मतदान के दिन नहीं जीते जाते, बल्कि चुनाव वर्षों तक जनता के बीच किए गए संघर्ष, संवाद और विश्वास से जीते जाते हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जनता की समस्याओं को अपना मुद्दा बनाकर निरंतर संघर्ष करना होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार जनता की मूलभूत समस्याओं का समाधान करने में असफल रही है और आने वाला समय कांग्रेस के पक्ष में है, बशर्ते कार्यकर्ता पूरी मेहनत और ईमानदारी से संगठनात्मक कार्य करें।
जिला कांग्रेस प्रभारी संजय शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस का कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ है। संगठन को गांव-गांव और वार्ड-वार्ड तक मजबूत करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा आम जनता, किसानों, युवाओं, महिलाओं और गरीब वर्ग की आवाज उठाती रही है तथा आगे भी संघर्ष जारी रहेगा।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पाण्डेय ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता निराश होने वाला नहीं बल्कि संघर्ष करके परिस्थितियां बदलने वाला कार्यकर्ता है। उन्होंने संगठन की मजबूती पर बल देते हुए कहा कि जिले में कांग्रेस का जनाधार लगातार बढ़ रहा है और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम आने वाले समय में दिखाई देगा।
विधानसभा प्रभारी नवनीत मालवीय ने कहा कि संगठन की मजबूती ही राजनीतिक सफलता की कुंजी है। प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनता की समस्याओं को उठाना चाहिए। वहीं वरिष्ठ कांग्रेस नेता गिरिजा शंकर शर्मा ने कांग्रेस की विचारधारा, संगठनात्मक एकता और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के प्रारंभ में नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कन्हैया गोस्वामी एवं अनुराग मलेया ने सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया। स्वागत भाषण देते हुए कन्हैया गोस्वामी ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता ही संगठन की वास्तविक शक्ति है। जब कार्यकर्ता जनता के बीच सक्रिय रहता है तो संगठन स्वतः मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि नगर कांग्रेस जनता के हर मुद्दे पर संघर्ष कर रही है और आगे भी जनहित की लड़ाई मजबूती से लड़ती रहेगी।
कार्यक्रम का संचालन जिला कांग्रेस प्रवक्ता अनिल रैकवार ने प्रभावी ढंग से किया। उन्होंने अपने संचालन के माध्यम से संगठनात्मक एकता, कांग्रेस की विचारधारा और कार्यकर्ताओं की भूमिका को रेखांकित किया।
अंत में नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कन्हैया गोस्वामी ने आभार व्यक्त करते हुए सभी अतिथियों, वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि सम्मेलन से कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा, नया उत्साह और संगठन को मजबूत बनाने की नई दिशा प्राप्त हुई है।
इस अवसर पर महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, मंडलम अध्यक्ष, सेक्टर प्रभारी, वार्ड अध्यक्ष, पार्षदगण, वरिष्ठ कांग्रेसजन एवं बड़ी संख्या में महिला-पुरुष कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सम्मेलन में पूरे समय जोश, उत्साह और कांग्रेस के प्रति समर्पण का वातावरण बना रहा तथा कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया। यह जानकारी जिला कांग्रेस प्रवक्ता अनिल रैकवार द्वारा दी गई।
अजय सिंह राहुल भैया ने कार्यकर्ताओं में फूंका जीत का मंत्र…
कांग्रेस सम्मेलन में उमड़ा जनसैलाब”…..
“जनता के बीच संघर्ष ही जीत का रास्ता – अजय सिंह राहुल भैया”
“इटारसी में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन, आगामी चुनावों को लेकर नेताओं ने भरी हुंकार”।

