
सिवनी मालवा / कलेक्टर सोमेश मिश्रा के सतत मार्गदर्शन एवं नियमित निर्देशों के परिणामस्वरूप तहसील डोलरिया में राजस्व न्यायालयीन प्रकरणों के निराकरण में उल्लेखनीय तेजी आई है। राजस्व मामलों के समयबद्ध निपटारे के लिए किए जा रहे प्रयासों के चलते गत एक वर्ष में नामांतरण, बंटवारा एवं सीमांकन से संबंधित लगभग 400 प्रकरणों का निराकरण किया गया है। इससे क्षेत्र के नागरिकों को बड़ी राहत मिली है।
पूर्णकालिक न्यायिक व्यवस्था से बढ़ी सुनवाई की गति….
मध्यप्रदेश शासन द्वारा राजस्व मामलों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से न्यायिक एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेटीय कार्यों को पृथक करते हुए पूर्णकालिक न्यायिक तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार की व्यवस्था लागू की गई है। इसी क्रम में तहसील डोलरिया में तहसीलदार श्री अंकित मौर्य की पदस्थापना की गई है। उनके द्वारा प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक नियमित रूप से न्यायालय संचालित कर राजस्व प्रकरणों की विधिसम्मत सुनवाई की जा रही है।
मंगलवार को डोलरिया में ही हो रही सुनवाई….
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व नर्मदापुरम के निर्देशानुसार डोलरिया क्षेत्र से संबंधित प्रकरणों की सुनवाई प्रत्येक मंगलवार को तहसील डोलरिया में तहसीलदार श्री अंकित मौर्य द्वारा की जा रही है। इससे क्षेत्र के लोगों को सुनवाई के लिए मुख्यालय के अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं तथा स्थानीय स्तर पर ही प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित हो रहा है।
कानून व्यवस्था एवं प्रोटोकॉल कार्यों के लिए अलग व्यवस्था…..
राजस्व न्यायालयीन कार्यों को सुचारु रूप से संचालित करने के साथ-साथ कानून व्यवस्था एवं प्रोटोकॉल संबंधी दायित्वों के निर्वहन हेतु श्री आलोक भद्र की नायब तहसीलदार के रूप में पदस्थापना की गई है। इससे प्रशासनिक कार्यों के साथ-साथ न्यायालयीन कार्यों के संचालन में भी बेहतर समन्वय स्थापित हुआ है।
कलेक्टर के निर्देशों से बढ़ी प्रशासनिक दक्षता…..
कलेक्टर नर्मदापुरम के निर्देशानुसार राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण, कानून व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ को पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन की इस कार्यशैली से आमजन एवं अधिवक्ताओं में संतोष का वातावरण है। नागरिकों एवं अधिवक्ता संघ के सदस्यों ने राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण के लिए कलेक्टर नर्मदापुरम के प्रति आभार व्यक्त किया है।

