
नर्मदापुरम / जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत माँ नर्मदा की सहायक नदियों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन के उद्देश्य से मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा व्यापक सर्वेक्षण कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में माँ नर्मदा की सहायक नदी लाठियांडोह का दो दिवसीय सर्वे सफलतापूर्वक सम्पन्न किया गया। यह सर्वे जन अभियान परिषद नर्मदापुरम द्वारा चयनित नवांकुर संस्था वसुंधरा सेवा समिति, बिसारोड़ा तथा वीणा पाणि संगीत एवं सामाजिक संस्था, नर्मदापुरम के संयुक्त प्रयासों से किया गया। सर्वेक्षण दल ने इटारसी यार्ड से निकलने वाली लाठियांडोह नदी के प्रवाह क्षेत्र का अध्ययन किया, जो ग्राम बैगनिया, भुगवासा एवं बैराखेड़ी होते हुए मुंहारी तक पहुंचती है। मुंहारी में यह नदी हातेड नदी में मिल जाती है। सर्वेक्षण के दौरान नदी की वर्तमान स्थिति, जल प्रवाह, तटीय क्षेत्र, अतिक्रमण, प्रदूषण एवं संरक्षण संबंधी पहलुओं का अवलोकन किया गया। साथ ही स्थानीय ग्रामीणों से संवाद कर नदी के ऐतिहासिक स्वरूप एवं जल उपलब्धता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी प्राप्त की गईं। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को जल संरक्षण, नदी स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। सभी प्रतिभागियों ने श्रमदान कर नदी तटों पर फैले कचरे को हटाया तथा स्वच्छता का संदेश दिया। ग्रामीणों ने भी नदी संरक्षण के इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए अपना सहयोग प्रदान किया। इस अवसर पर वसुंधरा सेवा समिति के अध्यक्ष नरेंद्र पटेल, सचिव अभिषेक पटेल, वीणा पाणि संगीत एवं सामाजिक संस्था के अध्यक्ष आनंद कुमार नामदेव, वरिष्ठ समाजसेवी टीकाराम गौर, चंदन सिंह राजपूत, सागर राजपूत, तरुण, प्रकाश राजपूत, कृष्णा, वरुण ठाकुर सहित अनेक कार्यकर्ता एवं समिति सदस्य उपस्थित रहे। अभियान से जुड़े सदस्यों ने कहा कि नदियां हमारी सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक धरोहर हैं। इनके संरक्षण एवं संवर्धन के लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। जल गंगा संवर्धन अभियान के माध्यम से लोगों को जल स्रोतों के संरक्षण के प्रति जागरूक कर एक जनआंदोलन खड़ा करने का प्रयास किया जा रहा है।

