
नर्मदापुरम / भोपाल / नर्मदापुरम की प्रगति और क्षेत्रीय जन-आकांक्षाओं को गति देने के उद्देश्य से राज्यसभा सांसद माया नारोलिया ने मंगलवार को भोपाल स्थित वल्लभ भवन (मंत्रालय) में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से शिष्टाचार भेंट की। अत्यंत सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुई इस उच्च स्तरीय बैठक के दौरान प्रदेश सहित नर्मदापुरम जिले के सर्वांगीण विकास, बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण और लोक-कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर गंभीर चिंतन हुआ।
चर्चा के दौरान सांसद नारोलिया ने मुख्यमंत्री के समक्ष नर्मदापुरम क्षेत्र की स्वास्थ्य अवसंरचना, ग्रामीण एवं शहरी विकास परियोजनाओं, जल जीवन मिशन की प्रगति तथा स्थानीय नागरिकों से जुड़े विभिन्न समसामयिक मुद्दों को प्रमुखता से रखा। उन्होंने मुख्यमंत्री जी को क्षेत्र की वर्तमान आवश्यकताओं से अवगत कराते हुए विकास कार्यों को गति देने का आग्रह किया।
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सांसद नारोलिया के प्रयासों की सराहना करते हुए नर्मदापुरम क्षेत्र के समग्र विकास के लिए राज्य सरकार की ओर से हरसंभव वित्तीय और प्रशासनिक सहयोग का पूर्ण आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर अंचल के संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध है और नर्मदापुरम की प्राथमिकताओं को शीर्ष पर रखा जाएगा। इस महत्वपूर्ण भेंट के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी नर्मदापुर मंडल के अध्यक्ष रूपेश राजपूत एवं नर्मदापुर मंडल के पूर्व अध्यक्ष विकास नारोलिया भी उपस्थित रहे।

