
सिवनी मालवा / नगर पालिका परिषद सिवनी मालवा द्वारा नगरवासियों की मूलभूत समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से विशेष जन समस्या निवारण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। नागरिकों की समस्याओं का उनके वार्ड स्तर पर ही निराकरण सुनिश्चित करने के लिए आयोजित किए जा रहे इन शिविरों में नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहेंगे तथा प्राप्त शिकायतों और आवेदनों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
वार्डवार निर्धारित किया गया शिविर कार्यक्रम…..
नगर पालिका द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 12 जून 2026 को वार्ड क्रमांक 1 एवं 2 के नागरिकों के लिए खेड़ापति मांगलिक भवन में दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक शिविर आयोजित किया जाएगा। इसी दिन वार्ड क्रमांक 3 के लिए दुर्गा कॉलोनी (गड्डा कॉलोनी) में दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक शिविर लगाया जाएगा।
19 जून 2026 को वार्ड क्रमांक 5, 6 एवं 7 के लिए मांगलिक भवन भीलपुरा में दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक तथा वार्ड क्रमांक 8, 9 एवं 10 के लिए गोवर्धननाथ मंदिर धर्मशाला में दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक जन समस्या निवारण शिविर आयोजित होगा।
इसी प्रकार 25 जून 2026 को वार्ड क्रमांक 11, 12 एवं 13 के लिए राठौर धर्मशाला (बिजली विभाग के पास) में दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक तथा वार्ड क्रमांक 4, 14 एवं 15 के लिए सोनिया गांधी कॉम्पलेक्स में दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक शिविर का आयोजन किया जाएगा।
विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतों का होगा निराकरण……
इन शिविरों में जल प्रदाय से संबंधित समस्याओं जैसे नल कनेक्शन, कम दबाव से पानी आने अथवा पानी नहीं आने की शिकायतों पर सुनवाई की जाएगी। साथ ही नागरिक शिविर में सभी प्रकार के नगर पालिका करों का भुगतान भी कर सकेंगे।
विद्युत एवं स्ट्रीट लाइट संबंधी मामलों में खराब स्ट्रीट लाइटों को बदलने तथा नए पोल लगाने की मांगों पर कार्रवाई की जाएगी। सफाई एवं स्वास्थ्य संबंधी शिकायतों में नालियों की सफाई, कचरा प्रबंधन, फॉगिंग और कीटनाशक छिड़काव जैसे विषय शामिल रहेंगे।
राजस्व एवं प्रमाण पत्र संबंधी कार्यों के अंतर्गत विवाह पंजीकरण, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, संपत्ति कर में सुधार, भवन नामांतरण, दुकान नामांतरण तथा दुकान रजिस्ट्री से जुड़े मामलों पर कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा राशन कार्ड, वृद्धावस्था पेंशन एवं दिव्यांग पेंशन के नए आवेदनों को भी शिविर में स्वीकार किया जाएगा।
आवश्यक दस्तावेज साथ लाना होगा अनिवार्य…..
नगर पालिका प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे शिविर में आधार कार्ड की छायाप्रति, समग्र आईडी अथवा राशन कार्ड, समस्या से संबंधित पूर्व आवेदन या रसीद (यदि उपलब्ध हो), पेंशन एवं कार्ड संबंधी आवेदनों के लिए दो पासपोर्ट साइज फोटो तथा मोबाइल नंबर अवश्य साथ लेकर आएं, जिससे उनके आवेदन एवं शिकायतों पर शीघ्र कार्रवाई की जा सके।
नागरिकों की सुविधा के लिए वार्डों तक पहुंच रहा प्रशासन – अध्यक्ष रितेश जैन…..
नगर पालिका परिषद अध्यक्ष रितेश जैन ने कहा कि जन समस्या निवारण शिविरों का उद्देश्य नागरिकों को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका प्रशासन जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनेगा और उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित करेगा। श्री जैन ने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर इस सुविधा का लाभ लेने की अपील की।
समस्याओं के समाधान के लिए रहेगा विशेष प्रबंध – सीएमओ अमर सिंह उइके…….
मुख्य नगर पालिका अधिकारी अमर सिंह उइके ने बताया कि प्रत्येक शिविर में नगर पालिका की विभिन्न शाखाओं के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहेंगे, जिससे अधिकांश शिकायतों का निराकरण मौके पर ही किया जा सके। उन्होंने कहा कि जिन प्रकरणों के समाधान में अधिक समय लगेगा, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर दर्ज कर नियमानुसार शीघ्र निराकरण किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविरों में उपस्थित होकर इस जनहितकारी पहल का लाभ उठाने का आग्रह किया।
जागरूक नागरिक, उत्कृष्ट शहर का संदेश……
नगर पालिका परिषद ने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में भाग लेने की अपील करते हुए कहा है कि जनसहभागिता से ही शहर को स्वच्छ, सुंदर और समस्या-मुक्त बनाया जा सकता है। परिषद ने “जागरूक नागरिक, उत्कृष्ट शहर” के संदेश के साथ सभी वार्डवासियों से शिविरों में उपस्थित होकर अपनी समस्याओं के समाधान हेतु इस अभियान का लाभ लेने का आह्वान किया है।

