
सिवनी मालवा / ग्राम पंचायत हिरनखेड़ा द्वारा ग्राम की दो महत्वपूर्ण समस्याओं को लेकर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सिवनी मालवा को अलग-अलग ज्ञापन सौंपे गए हैं। इन ज्ञापनों में ग्राम के मध्य से गुजरने वाले हजूरिया नाले के सीमांकन एवं सफाई तथा ग्रामीणों के बिजली बिलों में हुई अत्यधिक बढ़ोतरी के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है।
हजूरिया नाले के सीमांकन और सफाई की मांग…..
ग्राम पंचायत हिरनखेड़ा की सरपंच अमृता लुटोरिया द्वारा भेजे गए ज्ञापन में बताया गया है कि ग्राम के बीच से निकलने वाला हजूरिया नाला पूरे गांव के ड्रेनेज जल निकासी का प्रमुख माध्यम है। वर्तमान में नाले में बड़ी मात्रा में सिल्ट, कीचड़, कचरा, खरपतवार एवं झाड़ियां जमा हो गई हैं, जिसके कारण वर्षा ऋतु में पानी की निकासी बाधित होने की आशंका बनी हुई है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि पिछले वर्ष भी पर्याप्त जल प्रवाह नहीं होने के कारण कई आवासीय कॉलोनियों में बाढ़ जैसी स्थिति निर्मित हो गई थी। इससे ग्रामीणों के घरों में पानी भर गया था और बड़ी मात्रा में अनाज सहित अन्य घरेलू सामग्री को नुकसान पहुंचा था।
ग्राम पंचायत ने यह भी बताया कि नाले के दोनों किनारों पर बड़े पैमाने पर अतिक्रमण किए जाने के कारण सफाई और मलबा हटाने में गंभीर कठिनाइयां आ रही हैं। इस संबंध में पूर्व में आयोजित ग्राम सभाओं में भी ग्रामीणों द्वारा नाले की सफाई एवं सीमांकन की मांग उठाई जा चुकी है।
ग्राम पंचायत ने प्रशासन से वर्षा ऋतु प्रारंभ होने से पूर्व हजूरिया नाले का सीमांकन कराकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने तथा नाले की सफाई सुनिश्चित कराने का अनुरोध किया है।
बिजली बिलों में बढ़ोतरी से ग्रामीण परेशान…..
ग्राम पंचायत द्वारा सौंपे गए दूसरे ज्ञापन में ग्राम हिरनखेड़ा के विद्युत उपभोक्ताओं की समस्या को प्रमुखता से उठाया गया है। ज्ञापन के अनुसार अप्रैल और मई माह में विद्युत विभाग द्वारा जारी किए गए बिजली बिलों में असामान्य रूप से भारी बढ़ोतरी की गई है, जिससे ग्रामीण उपभोक्ताओं में असंतोष व्याप्त है।
ग्राम पंचायत ने बताया कि गांव के अधिकांश निवासी खेतिहर मजदूर एवं कृषक हैं, जो कठिन परिश्रम से अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। अचानक बढ़े हुए बिजली बिलों के कारण उपभोक्ताओं को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही समय पर बिलों का भुगतान नहीं होने की स्थिति में उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन विच्छेदित होने तथा गांव के डिफॉल्टर श्रेणी में आने की आशंका भी जताई गई है।
इस संबंध में सरपंच अमृता लुटोरिया ने प्रशासन से विद्युत विभाग को आवश्यक निर्देश जारी कर बढ़े हुए बिजली बिलों की जांच करवाने एवं प्रभावित उपभोक्ताओं को राहत प्रदान करने की मांग की है।
प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की अपेक्षा…..
ग्राम पंचायत हिरनखेड़ा ने दोनों मामलों को जनहित से जुड़ा बताते हुए प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। पंचायत का कहना है कि एक ओर नाले का सीमांकन और सफाई ग्रामीणों को संभावित जलभराव एवं बाढ़ जैसी स्थिति से बचाने के लिए आवश्यक है, वहीं दूसरी ओर बिजली बिलों में राहत मिलने से ग्रामीण उपभोक्ताओं को आर्थिक राहत मिल सकेगी।

