



नर्मदापुरम / स्थानीय जयस्तंभ चौक नर्मदापुरम पर घटित दुर्भाग्यपूर्ण एवं हृदयविदारक आगजनी की घटना का त्वरित संज्ञान लेते हुए राज्यसभा सांसद माया नारोलिया ने आज प्रभावित व्यापारिक प्रतिष्ठान का आकस्मिक निरीक्षण किया। सांसद ने आगजनी से हुए भारी नुकसान का जायजा लिया और पीड़ित व्यवसायी एवं उनके परिजनों से भेंट कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए उन्हें ढांढस बंधाया।
आपदा की इस विकट घड़ी में पीड़ित परिवार को तत्परता से संबल और पुनर्वास हेतु सहयोग प्रदान करने के संकल्प के साथ सांसद माया नारोलिया ने ₹ 50,000 (पचास हजार रुपये) की तात्कालिक आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।
इस पुनीत कार्य में सामूहिक सामाजिक सहभागिता की मिसाल पेश करते हुए, सांसद नारोलिया के विशेष आग्रह पर क्षेत्र के प्रतिष्ठित कॉलोनाइजर लक्ष्मण बैस ने भी तत्परता से संवेदनशीलता का परिचय दिया और पीड़ित पक्ष को ₹25,000 (पच्चीस हजार रुपये) की आर्थिक सहायता प्रदान की। सांसद ने श्री बैस के इस त्वरित और अनुकरणीय सहयोग की सराहना की।
इस अवसर पर सांसद श्रीमती नारोलिया ने कहा, “अग्नि दुर्घटना के कारण व्यवसायी बंधु पर आया यह संकट अत्यंत पीड़ादायक है। व्यापारिक क्षति की पूर्ण भरपाई तो संभव नहीं है, परंतु उन्हें पुनः स्वावलंबी बनाने और संकट से उबारने के लिए हम पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। शासन-प्रशासन के स्तर से भी नियमानुसार हरसंभव राहत और सहायता सुनिश्चित कराई जाएगी।”
निरीक्षण के दौरान व्यापारी महासंघ के अध्यक्ष महेंद्र चौकसे, समाजसेवी अजय सैनी, मंडल अध्यक्ष रूपेश राजपूत, विक्रांत चौकसे, मुन्ना पठान, नीरज पराशर, गोपाल चौरे स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रबुद्ध नागरिक और पीड़ित परिवार के सदस्य उपस्थित रहे ।

