
नर्मदापुरम / नगर के दवा व्यवसायियों को एकजुट करने और उनके हितों की रक्षा के लिए रविवार 31 मई 2026 को ‘दवा व्यापारी संघ नर्मदापुरम’ की एक महत्वपूर्ण प्रथम मासिक बैठक आयोजित की गई। स्थानीय नमन नर्मदा गार्डन में गरिमामय माहौल में संपन्न हुई इस बैठक में संघ की नवीन कार्यकारिणी की आधिकारिक घोषणा की गई, जिसमें अनुभवी और ऊर्जावान चेहरों को कमान सौंपी गई है। दवा संघ के अध्यक्ष राजेश गुप्ता एवं सचिव महावीर जैन ने संयुक्त रूप से नई टीम के नामों का ऐलान किया और सभी पदाधिकारियों को उनके नए दायित्वों की शपथ दिलाते हुए कार्यभार सौंपा। वरिष्ठों को मिला संरक्षण, युवाओं को उपाध्यक्ष की कमान सचिव महावीर जैन द्वारा घोषित की गई नई कार्यकारिणी में संतुलन साधने का प्रयास किया गया है, जिसमें वरिष्ठों के अनुभव और युवाओं के जोश को शामिल किया गया है: उपाध्यक्ष संगठन की मजबूती के लिए संयम जैन, ताहिर अली, देवदत्त गौर एवं यत्रेन्द्र साहू को उपाध्यक्ष पद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।
संरक्षक मंडल संघ के मार्गदर्शक के रूप में प्रवीण गुप्ता, किशोर गौर, ब्रजेश श्रीवास्तव, विजय अग्रवाल एवं मनोज मूलचंदानी को संरक्षण मंडल में शामिल किया गया है। कार्यकारिणी सदस्य इसके साथ ही नगर के अन्य प्रमुख केमिस्ट (दवा विक्रेता) साथियों को कार्यकारिणी सदस्य मनोनीत कर संगठन में सक्रिय भूमिका दी गई है।
मेडिकल संचालकों के अधिकारों से कोई समझौता नहीं: यश शर्मा संघ के नवनियुक्त जन संपर्क अधिकारी (PRO) यश शर्मा ने संगठन के आगामी विजन को स्पष्ट करते हुए कहा नर्मदापुरम नगर के सभी मेडिकल संचालकों के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए यह संघ पूर्ण रूप से चौबीसों घंटे काम करेगा। व्यवसाय में आने वाली व्यावहारिक दिक्कतों और व्यापारियों की समस्याओं को शासन-प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाना ही हमारी प्राथमिकता होगी। बैठक के अंत में उपस्थित सभी दवा व्यापारियों ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को माला पहनाकर बधाई दी और संगठन को हर स्तर पर मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

